Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दक्षिण अफ्रीका में अरबों का घोटाला करने वाले गुप्ता बंधु UAE में गिरफ्तार, यूपी के सहारनपुर से है इनका लिंक

    By Manish NegiEdited By:
    Updated: Tue, 07 Jun 2022 08:21 AM (IST)

    Gupta brothers News दक्षिण अफ्रीका में अरबों के घोटाले के आरोपी गुप्ता बंधुओं को यूएई से गिरफ्तार कर लिया गया है। गुप्ता बंधु यूपी के सहारनपुर का रहने वाला है। दक्षिण अफ्रीकी प्रशासन इनके प्रत्यर्पण की कोशिश करेगा।

    Hero Image
    गुप्ता बंधु यूएई में गिरफ्तार (फाइल फोटो)

    केप टाउन, एएनआइ। दक्षिण अफ्रीका में अरबों रुपये का घोटाला करने के आरोपी भारतीय मूल के गुप्ता बंधुओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। एएनआइ ने रायटर्स के हवाले से ये जानकारी दी है। एजेंसी ने बताया कि यूएई में राजेश गुप्ता और अतुल गुप्ता को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। गुप्ता बंधु दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के शासनकाल के दौरान हुए राजनीतिक भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एजेंसी ने बताया कि दोनों देशों ने अप्रैल 2021 में एक प्रत्यर्पण संधि की पुष्टि की, लेकिन अभी ये स्पष्ट नहीं है कि क्या गिरफ्तारी के बाद दोनों भाइयों की दक्षिण अफ्रीका में वापसी होगी। बीते साल जुलाई में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन (इंटरपोल) ने पिछले जुलाई में एक रेड नोटिस जारी भी किया था।

    दक्षिण अफ्रीका के मंत्रालय का बयान

    दक्षिण अफ्रीका के न्याय मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'न्याय और सुधार सेवा मंत्रालय पुष्टि करता है कि आरोपियों को यूएई के कानून प्रवर्तन अधिकारियों से सूचना मिली है कि भगोड़े राजेश और अतुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। यूएई और दक्षिण अफ्रीका में विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच बातचीत जारी है। दक्षिण अफ्रीकी सरकार यूएई के साथ सहयोग करना जारी रखेगी।'

    यूपी के सहारनपुर के रहने वाले हैं गुप्ता बंधु

    बता दें कि घोटाले में राजेश और अतुल के अलावा अजय गुप्ता का भी नाम भी शामिल है। तीनों भाई यूपी के सहारनपुर के रहने वाले हैं। 1990 के दशक में तीनों भाई सहारनपुर से दक्षिण अफ्रीका चले गए थे। हाल ही में पता चला था कि जांच शुरू होने से पहले गुप्ता बंधु दक्षिण अफ्रीका से भागकर दुबई चले गए थे। आपराधिक मामलों की जांच के लिए दक्षिण अफ्रीकी प्रशासन इनका प्रत्यर्पण कराना चाहता है। गुप्ता बंधुओं के खिलाफ सरकारी कंपनियों के साथ मिलीभगत को लेकर अरबों रुपये के घपले की जांच चल रही है।