Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rishi Sunak vs Liz Truss: ताजा सर्वे में विदेश मंत्री लिज ट्रस ने बनाई बड़ी बढ़त, पिछड़े पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक

    कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्य ही नए नेतृत्व के लिए होने वाले मतदान में हिस्सा लेंगे और निर्वाचित नेता मौजूदा प्रधानमंत्री बोरिस जानसन का उत्तराधिकारी बनेगा। जानसन ने कई बार अपनी पार्टी के नेताओं से ट्रस का समर्थन करने की अपील की है।

    By Ramesh MishraEdited By: Updated: Sat, 06 Aug 2022 07:10 PM (IST)
    Hero Image
    Rishi Sunak vs Liz Truss: ताजा सर्वे में विदेश मंत्री लिज ट्रस ने बनाई बड़ी बढ़त। एजेंसी।

    नई दिल्‍ली, जेएनएन। Rishi Sunak vs Liz Truss: ब्रिटेन के नवीनतम सर्वेक्षण के नतीजों के मुताबिक प्रधानमंत्री पद की दौड़ में विदेश मंत्री लिज ट्रस ने ऋषि सुनक पर व्यापक बढ़त बनाई है। सर्वेक्षण में ट्रस ने सुनक पर लगभग 38 फीसद की बढ़त बना ली है। मौजूदा मंत्रिमंडल की सदस्य ट्रस का सर्वेक्षण में शामिल 69 फीसद लोगों ने समर्थन किया, जबकि सुनक के पक्ष में 31 फीसद लोग रहे। उल्लेखनीय है कि यूगाव द्वारा ही 20 जुलाई को कराए गए सर्वेक्षण में ट्रस को जहां 62 फीसद समर्थन मिला था, वहीं सुनक के पक्ष में 38 फीसद लोग दिखे थे। गौरतलब है कि कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्य ही नए नेतृत्व के लिए होने वाले मतदान में हिस्सा लेंगे और निर्वाचित नेता मौजूदा प्रधानमंत्री बोरिस जानसन का उत्तराधिकारी बनेगा। जानसन ने कई बार अपनी पार्टी के नेताओं से ट्रस का समर्थन करने की अपील की है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ‘द टाइम्स’ के लिए यूगाव ने गत पांच दिनों में सर्वेक्षण के नवीनतम आंकड़ों के बारे में कहा गया है पीएम पद की शुरुआती दौड़ में कंजर्वेटिव पार्टी के 21 फीसद सदस्य तय नहीं कर पा रहे थे कि वे कैसे और किसके पक्ष में मतदान करेंगे। यह आंकड़ा अब गिरकर 13 फीसद रह गया है। इसका सबसे अधिक लाभ ट्रस को होता दिख रहा है। सर्वेक्षण के मुताबिक ट्रस के पक्ष में दिख रहे 83 फीसद सदस्यों ने कहा कि वे उनका समर्थन करने का मन बना चुके हैं जबकि 17 फीसद सदस्यों ने कहा कि वे अपना मन बदल सकते हैं। 

    कंजर्वेटिव पार्टी के 60 फीसद सदस्यों का कहना है कि वे ट्रस के पक्ष में मतदान करेंगे, जबकि 26 फीसद ने सुनक का समर्थन किया। बाकी अभी तय नहीं कर पा रहे हैं किसका साथ दिया जाए। सर्वेक्षण से संकेत मिलता है कि ट्रस सभी आयु वर्ग और देश के विभिन्न हिस्सों में सुनक से आगे चल रही हैं। केवल एक श्रेणी में ट्रस के मुकाबले सुनक को बढ़त मिली है और वह है पार्टी के उन सदस्यों का समर्थन जिन्होंने 2016 में ब्रिटेन के यूरोपीय संघ में ही बने रहने का समर्थन किया था। हालांकि, यह विरोधाभास है कि सुनक ने ब्रेक्जिट (यूरोपीय संघ से अलग होने) का समर्थन किया था जबकि ट्रस संघ में बने रहने के पक्ष में थीं।