अफ्रीका में हैजा और एमपॉक्स ने मचाई तबाही, 6 महीने में 4,275 लोगों की मौत; WHO ने बताया इसके पीछे का कारण
Africa Cholera and mPox Outbreak अफ्रीका में हैजा और एमपॉक्स के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं जिससे 2025 में अब तक 4275 मौतें हो चुकी हैं। अफ्रीका सीडीसी के अनुसार हैजा के 176136 मामलों में 3697 मौतें हुई हैं जिसका मुख्य कारण साफ पानी की कमी है। वहीं एमपॉक्स के 79024 मामलों में 578 लोगों की जान गई है। हैजा एक डायरियल इंफेक्शन है और एमपॉक्स वायरल बीमारी है।

आईएएनएस, अदीस अबाबा। अफ्रीका में हैजा (Cholera) और एमपॉक्स (mPox) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पूरे अफ्रीकी महाद्वीप के कई देशों में इस साल हैजा और एमपॉक्स के मामलों में इजाफा देखने को मिला है। अफ्रीका सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (Africa CDC) ने इसका खुलासा किया है।
Africa CDC के सदस्य याप बौम ने मीडिया ब्रीफिंग के दौरान बताया कि 2025 में अब तक पूरे अफ्रीका में हैजा और एमपॉक्स से लगभग 4,275 मौतें हो चुकी हैं।
हैजा से 3,697 लोगों की मौत
अफ्रीकन यूनियन स्पेशलाइज्ड हेल्थकेयर एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार, अफ्रीका के 21 देशों में हैजा के 176,136 मामले देखने को मिले, जिनमें से 3,697 मरीजों की मौत हो गई। अफ्रीका में हैजा फैलने के पीछे एक बड़ा कारण साफ पानी की कमी बताई जा रही है।
एमपॉक्स से 578 लोगों की मौत
Africa CDC के अनुसार, 2025 की शुरुआत से अफ्रीका के 23 देशों में एमपॉक्स के 79,024 केस मिले हैं, जिनमें से 578 लोगों की मौत हो चुकी है। बता दें कि पिछले साल अगस्त में Africa CDC ने एमपॉक्स को पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया था।
कैसे फैलता है हैजा?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, हैजा एक डायरियल इंफेक्शन है, जो कोलेरा नामक बैक्टीरिया से पनपती है। यह बैक्टीरिया अमूमन गंदे पानी और दूषित खाने में पाया जाता है। यह पूरी दुनिया के लिए खतरा है। हैजा जैसी बीमारियां सामाजिक और आर्थिक विकास के अभाव को दर्शाती हैं। ऐसे में साफ पानी और शुद्ध खाना खाकर हैजा जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है।
मंकी पॉक्स क्या है?
एमपॉक्स की बात करें तो इसे पहले मंकी पॉक्स कहा जाता था। यह एक तरह की वायरल बीमारी है, जो मंकी पॉक्स वायरस के कारण होती है। यह बीमारी जानवरों से इंसानों में फैलती है और इंसानों से इंसानों में भी फैलती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।