Russia-Ukraine War: यूक्रेन का रूस के साथ युद्धविराम से इनकार, मास्को की दो टूक- अमेरिकी मिसाइलों से हमला हुआ तो परमाणु...
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने गुरुवार को रूस के साथ युद्धविराम से इनकार कर दिया। रूस के आक्रमण के विरुद्ध यूक्रेन की सेना युद्ध कर रही है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक सहयोगी दैमित्री मेदवेदेव ने कहा कि रूस के भीतर किसी स्थान पर अमेरिका और उसके सहयोगी द्वारा उपलब्ध कराई गई मिसाइलों से यूक्रेन ने हमला किया तो मास्को परमाणु हमले से उत्तर देगा।

एपी, कीव। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने गुरुवार को रूस के साथ युद्धविराम से इनकार कर दिया। रूस के आक्रमण के विरुद्ध यूक्रेन की सेना युद्ध कर रही है। जेलेंस्की ने कहा कि क्रेमलिन की सेना कीव के सैनिकों पर काबू पाने के लिए इस युद्धविराम का उपयोग पीछे हटने और फिर से संगठित होने के लिए करेगी।
उधर, बुधवार को मध्य यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव का एक होटल रूस के दो मिसाइल हमले का शिकार हुआ। हमले में 11 लोग घायल हो गए।
जेलेंस्की ने क्या कुछ कहा?
एस्टोनिया की यात्रा के दौरान जेलेंस्की ने कहा,
यूक्रेनी युद्ध क्षेत्र पर युद्धविराम नहीं होगा। इससे रूस को लाभ होगा। बाद में वह हमें कुचल सकता है।
फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद कभी-कभी सीमित संघर्ष विराम का प्रस्ताव किया गया है, लेकिन उसपर कभी अमल नहीं किया गया है। 22 महीने की लड़ाई के बाद दोनों पक्ष लंबे संघर्ष की आशंका को देखते हुए हथियार जुटाने के लिए परिश्रम कर रहे हैं। सर्दियों के दौरान अग्रिम पंक्ति की सेना स्थिर रहती है और दोनों पक्षों को तोप के गोले, मिसाइलों एवं ड्रोन की आवश्यकता होती है।
'मास्को को ईरान से मिल रहे ड्रोन'
जेलेंस्की ने कहा कि मास्को को उत्तर कोरिया से तोप के गोले और मिसाइलें तो ईरान से ड्रोन मिल रहे हैं। चार जनवरी को व्हाइट हाउस ने अमेरिकी गुप्तचर अधिकारियों के हवाले से कहा था कि रूस ने उत्तर कोरिया से बैलिस्टिक मिसाइलें हासिल की हैं।
रूस ने परमाणु हमले की धमकी दी
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक सहयोगी दैमित्री मेदवेदेव ने गुरुवार को कहा कि रूस के भीतर किसी स्थान पर अमेरिका और उसके सहयोगी द्वारा उपलब्ध कराई गई मिसाइलों से यूक्रेन ने हमला किया तो मास्को परमाणु हमले से उत्तर देगा। रूस के पूर्व राष्ट्रपति मेदवेदेव वर्तमान में रूसी सुरक्षा परिषद के डिप्टी चेयरमैन हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।