Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पीएम मोदी का ऑस्ट्रियाई कलाकारों ने वंदे मातरम की प्रस्तुति से किया स्वागत, प्रधानमंत्री ने बताया अद्भुत, शेयर किया वीडियो

    By Agency Edited By: Sachin Pandey
    Updated: Wed, 10 Jul 2024 11:45 PM (IST)

    PM Modi in Austria रूस का दौरा खत्म कर प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार शाम को ऑस्ट्रिया पहुंचे। यहां पर होटल पहुंचने पर ऑस्ट्रियाई कलाकारों ने पीएम मोदी का स्वागत वंदे मातरम गायन से किया। इसका नेतृत्व लखनऊ के रहने वाले भारतीय संगीतकार विजय उपाध्याय ने किया। पीएम ने प्रस्तुति का वीडियो साझा कर इसे अद्भुत बताया और ऑस्ट्रिया के संगीत संस्कृति की तारीफ की।

    Hero Image
    पीएम मोदी ने एक्स पर इस खास प्रस्तुति का वीडियो शेयर किया। (Photo - Internet Media)

    एएनआई, वियना। ऑस्ट्रिया की संगीत संस्कृति की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि 'वंदे मातरम' के अद्भुत प्रस्तुतीकरण को देखकर उन्हें इसकी झलक मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें ऑस्ट्रियाई कलाकार वियना के होटल में उनके स्वागत में 'वंदे मातरम' को नए तरीके से प्रस्तुत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसमें प्रधानमंत्री प्रस्तुति के बाद कलाकारों की सराहना करते दिखाई दे रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एक्स पर वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'ऑस्ट्रिया अपनी जीवंत संगीत संस्कृति के लिए जाना जाता है। वंदे मातरम के इस अद्भुत प्रस्तुतीकरण के कारण मुझे इसकी एक झलक मिली!' इस बीच ग्रैमी पुरस्कार विजेता रिकी केज ने 'वंदे मातरम' प्रस्तुत करने वाले भारतीय संगीतकार विजय उपाध्याय की प्रशंसा की।

    लखनऊ के रहने वाले हैं विजय

    उन्होंने एक्स पर लिखा, 'मार्गदर्शक (कंडक्टर) एक भारतीय है, जो हम सभी को गौरवान्वित करता है। विजय उपाध्याय जो मूल रूप से लखनऊ से हैं। वह प्रतिष्ठित वियना यूनिवर्सिटी फिलहारमोनिक (अन्य अंतरराष्ट्रीय आर्केस्ट्रा के अलावा) के निदेशक हैं और उन्होंने इंडिया नेशनल यूथ आर्केस्ट्रा की स्थापना की है। वह एक गौरवान्वित भारतीय हैं और अक्सर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय शैली के संगीत का आयोजन करते हैं।'

    दरअसल, मंगलवार शाम ऑस्ट्रिया पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी होटल रिट्ज-कार्लटन पहुंचे और वहां ऑस्ट्रियाई कलाकारों ने मोदी के स्वागत में 'वंदे मातरम' गाया। विजय उपाध्याय ने बताया कि कुल 50 सदस्यों वाली गायक मंडली और आर्केस्ट्रा ने प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा, 'मैं लखनऊ से हूं। मैं ऑस्ट्रिया के इस कॉलेज में आया और अब मैं वियना विश्वविद्यालय में संगीत विभाग का निर्देशन कर रहा हूं।'

    चांसलर ने पीएम को दिया रात्रिभोज

    मंगलवार शाम को ही ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें रात्रिभोज दिया। बाद में प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट करके नेहमर को धन्यवाद दिया। उल्लेखनीय है कि 41 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रिया की यात्रा की है। मोदी से पहले 1983 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ऑस्ट्रिया की यात्रा की थी।

    ऑस्ट्रियाई कंपनियों को निवेश के लिए किया आमंत्रित

    प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर नेहमर ने बुधवार को राउंड टेबल बिजनेस मीटिंग में प्रतिष्ठित ऑस्ट्रियाई एवं भारतीय सीईओ को संबोधित किया। इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रियाई कंपनियों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

    भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया, 'प्रधानमंत्री ने बुनियादी ढांचे, नवीकरणीय ऊर्जा, हरित क्षेत्रों, नई और उभरती प्रौद्योगिकियों, फिनटेक, स्टार्टअप और नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय और ऑस्ट्रियाई कंपनियों के बीच सहयोग की महत्वपूर्ण संभावनाओं को रेखांकित किया।' गौरतलब है कि पिछले वर्ष भारत ने ऑस्ट्रिया को 1.52 अरब डालर का निर्यात और वहां से 1.41 अरब डालर का आयात किया था।

    प्रतिनिधिमंडल स्तर पर भी व्यापक वार्ता

    प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर नेहमर ने बुधवार को प्रतिनिधिमंडल स्तर की व्यापक एवं उपयोगी चर्चा भी की, जिससे भारत-ऑस्ट्रिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिली। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया इस बैठक में दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। जिनमें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा, एआई, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन और स्टार्टअप्स शामिल हैं।

    comedy show banner
    comedy show banner