Myanmar Earthquake: म्यांमार भूकंप में ढह गई थी स्कूल की इमारत, मारे गए प्रीस्कूल के 50 बच्चे
म्यांमार की सैन्य सरकार के प्रमुख एवं वरिष्ठ जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने राजधानी नेपिता में बताया कि भूकंप के कारण अब तक 2719 लोगों की मौत हो गई है जबकि 4521 व्यक्ति घायल हैं। अभी भी 441 लोग लापता हैं। मरने वालों में भूकंप से सर्वाधिक प्रभावित मांडले शहर के एक प्रीस्कूल के 50 बच्चे और दो शिक्षक भी शामिल हैं।

एपी, बैंकाक। म्यांमार में शुक्रवार को आए 7.7 की तीव्रता वाले विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,700 से अधिक हो गई है जबकि हजारों लोग घायल है। मरने वालों में भूकंप से सर्वाधिक प्रभावित मांडले शहर के एक प्रीस्कूल के 50 बच्चे और दो शिक्षक भी शामिल हैं।
जनजीवन अभी भी बुरी तरह अस्त-व्यस्त
भूकंप से यह स्कूल जमींदोज हो गया था। म्यांमार के सबसे प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रहे सहायता समूहों ने कहा है कि भूकंप के बाद प्रभावितों को आश्रय, भोजन और पानी की तत्काल दरकार है। जनजीवन अभी भी बुरी तरह अस्त-व्यस्त हैं।
अब तक 2,719 लोगों की मौत
'वेस्टर्न न्यूज' वेबसाइट पर जारी खबर के अनुसार, म्यांमार की सैन्य सरकार के प्रमुख एवं वरिष्ठ जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने राजधानी नेपिता में बताया कि भूकंप के कारण अब तक 2,719 लोगों की मौत हो गई है जबकि 4,521 व्यक्ति घायल हैं। अभी भी 441 लोग लापता हैं।
भूकंप से प्रभावित कई क्षेत्रों में अब भी बचाव दल नहीं पहुंच पाए हैं, इसलिए मृतक संख्या और बढ़ने की आशंका है और यह 3,000 का आंकड़ा पार कर सकती है।
मलबे में दबे लोगों के जीवित बचने की उम्मीदें काफी कम
मंगलवार को म्यांमार की राजधानी में भूकंप के बाद बचावकर्मियों ने प्राकृतिक आपदा के 91 घंटे बाद एक 63 वर्षीय महिला को मलबे से सुरक्षित निकाला। वैसे जैसे-जैसे वक्त बीतता जा रहा है, मलबे में दबे लोगों के जीवित बचने की उम्मीदें क्षीण होती जा रही हैं। हालांकि म्यांमार में भूकंप के बाद बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन स्थिति गंभीर बनी हुई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, 72 घंटे के बाद बचे लोगों को खोजने की संभावना काफी कम हो जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि म्यांमार के मध्य और उत्तर-पश्चिम में 10,000 से अधिक इमारतें ढह गई हैं या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं।
चार लोगों को बचाया
विदेशी सहायता कर्मी धीरे-धीरे बचाव प्रयासों में मदद के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन भारी मशीनरी की कमी के कारण राहत कार्य युद्ध स्तर पर नहीं चल पा रहे हैं। म्यांमार की सैन्य सरकार ने कहा है कि एक चीनी बचाव दल ने चार लोगों को बचाया है, जिनमें एक पांच वर्षीय बच्चा और एक गर्भवती महिला शामिल हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।