विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में बाढ़ की तबाही के बीच शर्मनाक लूट: बहकर आई तिजोरी से उड़ाए 92 लाख, महिला के शव से उतारी बालियां; 31 गिरफ्तार

Published: Sat, 29 Aug 2026 01:59 PM (IST)Updated: Sat, 29 Aug 2026 03:02 PM (IST)

नेपाल में पुलिस ने त्रिशुली नदी से बहकर आई तिजोरी से 92 लाख रुपये लूटने के आरोप में 29 लोगों ...और पढ़ें

नेपाल में तबाही के बीच लूट(स्क्रीनग्रैब)

नेपाल में तबाही के बीच लूट(स्क्रीनग्रैब)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, काठमांडू। विनाशकारी बाढ़ और तबाही से जूझ रहे नेपाल से आपदा में अवसर जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जहां एक तरफ बाढ़ पीड़ितों की गिनती की जा रही है, वहीं दूसरी ओर चोर बाढ़ में बहकर आए रुपये लूट लिए हैं।

पुलिस ने त्रिशुली नदी के किनारे बाढ़ में बहकर आई एक तिजोरी को तोड़कर करीब 92.68 लाख रुपये लूटने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। यही नहीं, नारायणी नदी में बहकर आई एक मृतक महिला के शव से सोने की बालियां चुराने का वीडियो वायरल होने के बाद दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।

दरअसल, तिजोरी भोटेकोशी इलाके में आई बाढ़ में बह गई थी और बाद में धाडिंग के गलछी ग्रामीण नगरपालिका-4 के बेलखुखोला के पास त्रिशुली नदी के किनारे मिली। पुलिस को सूचना मिली कि स्थानीय लोगों ने तिजोरी तोड़कर उसके अंदर रखी नकदी निकाल ली है।

पुलिस की एक टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया और जांच शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक तलाशी के दौरान 29 लोगों को हिरासत में लिया गया और उनके पास से 92,68,505 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस कर रही मामले की जांच

गिरफ्तार किए गए अधिकांश लोग गलछी-4 स्थित मस्तर के निवासी हैं। वहीं कुछ आरोपी गलछी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमतर के रहने वाले हैं। इसके अलावा, अन्य आरोपी मूल रूप से चितवन और परसा के निवासी हैं, जो फिलहाल धाडिंग में रह रहे हैं।

पुलिस फिलहाल जब्त की गई नकदी के वास्तविक स्रोत की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इस वारदात में अन्य संदिग्ध भी शामिल थे।

एक अन्य झकझोर देने वाली घटना में, नारायणी नदी में बहकर आए एक शव से सोने की बालियां चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई है। जिसमें दो व्यक्ति बाढ़ के पानी में बहकर आई एक मृत महिला के कानों से जबरदस्ती सोने की बालियां निकालते हुए दिखाई दे रहे थे।

मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 626

नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने शनिवार को बाढ़ से हुए नुकसान के आंकड़ों में बड़ा संशोधन किया है। नेपाल में अभी भी 2,426 लोग लापता हैं जबकि मृतकों की पुष्टि की गई संख्या बढ़कर 626 हो गई है।

यह भी पढ़ें- कुदरत का करिश्मा या बेहतरीन इंजीनियरिंग? नेपाल में तबाही के बीच 'ढाल' बनकर खड़ा रहा हरा मकान, वीडियो वायरल

यह भी पढ़ें- नेपाल में 200 KM लंबे नदी क्षेत्र के मुर्दाघर फुल, बहकर यूपी पहुंचे 7 शव