Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    50 साल तक सीरिया का सबसे शक्तिशाली परिवार था असद खानदान, चलता था इनके नाम का सिक्का

    Updated: Sun, 08 Dec 2024 05:57 PM (IST)

    Syria सीरिया में विद्रोहियों ने तख्तापलट कर दिया है और 50 साल पुराने असद परिवार के शासन को उखाड़ फेंका है। राष्ट्रपति बशर अल असद भी देश छोड़कर किसी सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं। इसी के साथ सीरिया के सबसे मजबूत परिवार का किला ढह गया है। जानिए बशर के परिवार में कौन-कौन हैं जिन्होंने सालों चलाई देश की सत्ता।

    Hero Image
    विद्रोहियों ने सीरिया की राजधानी दमिश्क पर कब्जा कर लिया है। (Photo- X/@Charles_Lister)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सीरिया में विद्रोही समूहों के राजधानी दमिश्क में प्रवेश करने के बाद असद परिवार के 50 साल पुराने शासन का अंत हो गया है। वहीं राष्ट्रपति बशर अल असद देश छोड़कर किसी सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं। विद्रोहियों ने हाल ही में अपना हमला तेज कर दिया और 10 दिन के अंदर राजधानी में प्रवेश कर गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसी के साथ सीरिया के सबसे मजबूत परिवार के शासन का अंत हो गया। यह सालों तक चले गृह युद्ध के बाद हुआ है। गौरतलब है कि 1970 में हाफिज अल असद ने सीरिया में सत्ता अपने हाथों में ली थी। उनकी मृत्यु के बाद उनके बेटे बशर अल असद ने सन 2000 में देश की कमान संभाली और 24 साल तक अपना शासन चलाया। रविवार तड़के तख्तापलट से पहले दशकों तक सीरिया की सत्ता में असद परिवार का कब्जा रहा।

    कहा जाता है कि सरकार में असद ही नहीं, बल्कि परिवार के कई लोगों का प्रभुत्व था। जानकारी के मुताबिक बशर अल असद का एक आंतरिक घेरा था, जो कि सारे महत्वपूर्ण निर्णय लेता था। इसमें उनके करीबी परिवार के करीबी सदस्य, जैसे कि मां, भाई, बहन, उसके पति और अन्य शामिल हैं। आइए जानते हैं बशर के परिवार में कौन-कौन हैं, जिन्होंने मिलकर सालों तक देश में प्रभुत्व बनाए रखा।

    माहेर अल-असद

    माहेर अल-असद, बशर के छोटे भाई हैं और सीरिया के रिपब्लिकन गार्ड और 4th आर्म्ड डिवीजन की कमान संभालते हैं। वे सीरिया की सेना के सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं और ईरान के साथ गठबंधन में भी अहम भूमिका निभाई है। वे शबीहा मिलिशिया की देखरेख करते हैं, जो असद शासन के हितों की रक्षा करता है।

    अनीसा मखलौफ

    अनीसा मखलौफ, सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति हाफिज अल-असद की विधवा और बशर की मां हैं। वह लोगों के सामने ज्यादा नहीं आती हैं, लेकिन कहा जाता है कि सरकार के सभी बड़े फैसलों में अंतिम मत उनका ही होता है।

    बुशरा अल-असद

    बुशरा अल-असद, बशर की इकलौती बहन हैं। वह प्रशिक्षित फार्मासिस्ट हैं और शासन के भीतर उनका महत्वपूर्ण वर्चस्व है। वह बशर के सचिव के रूप में भी अहम भूमिका निभाती हैं। कहा जाता है कि बुशरा का बशर की पत्नी अस्मा के साथ तनावपूर्ण संबंध रहा है, जिस वजह से उन्होंने अस्मा को सीरिया की "प्रथम महिला" की उपाधि ग्रहण करने से रोके रखा।

    रामी मखलौफ

    रामी मखलौफ, बशर अल-असद के ममेरे भाई हैं और सीरिया के सबसे अमीर इंसान माने जाते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार वह देश के लगभग 60 प्रतिशत कारोबार को नियंत्रित करते हैं। उनका व्यापार दूरसंचार, खुदरा, ऊर्जा, बैंकिंग से लेकर कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। अमेरिका ने उन पर राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करने के लिए प्रतिबंध भी लगाया था। वहीं उन पर प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के लिए धन मुहैया कराने का आरोप भी लगा था।

    आसिफ शौकत

    आसिफ शौकत, बशर अल-असद की बहन बुशरा के पति हैं। शुरुआत में असद परिवार ने उन्हें अस्वीकार कर दिया था, लेकिन बाद में उन्होंने उनका विश्वास जीत लिया और जल्द ही सरकार में अहम चेहरा बन गए। उन्हें उप सैन्य खुफिया प्रमुख से लेकर सैन्य खुफिया प्रमुख तक बनाया गया। 2008 में उन्हें डिप्टी चीफ-ऑफ-स्टाफ के रूप में नियुक्त किया गया।

    अस्मा अल-असद

    अस्मा अल-असद, बशर अल-असद की पत्नी हैं। दोनों ने दिसंबर 2000 में शादी की थी। अस्मा के पास किंग्स कॉलेज लंदन से कंप्यूटर साइंस और फ्रेंच लिटरेचर की डिग्री है। बशर से शादी करने से पहले वह इन्वेस्टमेंट बैंकिंग में काम करती थीं। माना जाता है कि उन्होंने बशर की छवि को एक उदारवादी सुधारक के रूप में आकार देने में अहम भूमिका निभाई। बताया जा रहा है कि विद्रोह शुरू होने के बाद उन्होंने अपने बच्चों के साथ खुद को लंदन में निर्वासित कर लिया है।