यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Israel Hezbollah War: लेबनान में जमीनी युद्ध छिड़ने के आसार, हवाई हमलों के साथ सीमा पार करने को तैयार इजरायल
इजरायल के सेना प्रमुख जनरल हरजी हालेवी ने कहा है कि हिजबुल्ला के ठिकानों को नष्ट करने के लिए हवाई ...और पढ़ें

HighLights
- इजरायल के सेना प्रमुख ने कहा, हम सीमा पार करने को तैयार
- अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन बोले- लेबनान में हो सकता है युद्ध
- तुर्किये ने कहा, युद्ध की स्थिति में लेबनान के साथ खड़ा होगा
- भारत ने अपने नागरिकों से तत्काल लेबनान छोड़ने के लिए कहा
- हिजबुल्ला की बैलेस्टिक मिसाइल 600 किमी तेल अवीव पहुंची
रॉयटर, बेरूत। गाजा युद्ध के बाद अब लेबनान में भी युद्ध छिड़ने की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। इजरायल के सेना प्रमुख जनरल हरजी हालेवी ने कहा है कि हिजबुल्ला के ठिकानों को नष्ट करने के लिए हवाई हमले जारी रहेंगे, जरूरत पड़ने पर हम सीमा पार जाकर जमीनी कार्रवाई भी करेंगे।
बाइडन बोले लेबनान में छिड़ सकता है युद्ध
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी कहा है कि लेबनान में युद्ध छिड़ सकता है। युद्ध की सरगर्मी के बीच तुर्किये ने युद्ध में लेबनान के साथ खड़े होने का एलान किया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत ने लेबनान में मौजूद अपने नागरिकों से तत्काल वहां से हटने के लिए कहा है। इस बीच बुधवार को इजरायल के ताजा हवाई हमलों में लेबनान में 51 लोग मारे गए हैं और 223 घायल हुए हैं।
हिजबुल्ला की मिसाइल तेल अवीव तक पहुंच गई
बुधवार को हिजबुल्ला की मिसाइल करीब छह सौ किलोमीटर दूर इजरायल में तेल अवीव तक पहुंच गई। हिजबुल्ला ने वहां पर खुफिया एजेंसी मोसाद के मुख्यालय को निशाना बनाने का दावा किया है लेकिन इजरायल ने एजेंसी भवन पर हमले से इनकार किया है। बुधवार को हिजबुल्ला ने 300 राकेट, ड्रोन और मिसाइलों से उत्तरी इजरायल और हायफा पर भी हमले किए।
इजरायली डिफेंस सिस्टम ने ज्यादातर हमलों को नाकाम कर दिया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जबकि सोमवार के इजरायली हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 569 हो गई है और 1,835 घायल हैं। लेबनान में पिछले हफ्ते पेजर और रेडियो सेट में विस्फोट की घटनाएं भी हुई थीं, उनमें करीब 3,500 लोग घायल हुए थे। इस समय लेबनान के अस्पताल घायलों से भरे हुए हैं, ऐसे में आगे की लड़ाई लेबनान के लिए और ज्यादा मुश्किल हो जाएगी।
इजरायली ठिकानों पर ड्रोन हमले का दावा किया
इस बीच इजरायली सीमा के नजदीकी इलाकों से लेबनानी नागरिकों का विस्थापन जारी है। अभी तक पांच लाख से ज्यादा लोग घर छोड़कर सुरक्षित इलाकों में शरण ले चुके हैं। इस बीच इराक के सशस्त्र संगठन इस्लामिक रेजिस्टेंस ने गोलन पहाडि़यों पर स्थित इजरायली ठिकानों पर ड्रोन हमले का दावा किया है।
