विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Israel Hamas War: सुरंगों के बाद अब स्कूलों में आश्रय ले रहे फलस्तीनी; इजरायली हमले में अब तक 8525 की मौत

By Jagran NewsEdited By: Narender Sanwariya
Published: Wed, 01 Nov 2023 07:23 AM (IST)

Israel Hamas War समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार गाजा में मारे गए लोगों में से लगभग 70 प्रतिशत ...और पढ़ें

Israel Hamas War: सुरंगों के बाद अब स्कूलों में आश्रय ले रहे फलस्तीनी; इजरायली हमले में अब तक 8525 की मौत
Israel Hamas War: सुरंगों के बाद अब स्कूलों में आश्रय ले रहे फलस्तीनी; इजरायली हमले में अब तक 8525 की मौत

एपी, यरुशलम। इजरायली सुरक्षा बलों ने गाजा शहर के आसपास हमास आतंकियों पर शिकंजा कस दिया है। इजरायली सैनिकों ने मंगलवार को उत्तरी गाजा में हमास के विशाल सुरंगों के नेटवर्क पर हमला किया। इन सुरंगों में छिपे हमास के कई आतंकी मारे गए हैं। इजरायल की सेना ने सात अक्टूबर के हमले का नेतृत्व करने वाले हमास के दूसरे नंबर का कमांडर निसाम अबू अजीना को मार गिराने का दावा किया है। अबू अजीना को हवाई हमले का जानकार माना जाता है। वह पहले भी इजरायल के खिलाफ कई हमलों को अंजाम दे चुका था।

नेतन्याहू ने संघर्ष विराम के आह्वान को खारिज कर दिया

हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मरालय ने बताया कि जबालिया शरणार्थी शिविर में कम से कम 50 लोग मारे गए हैं। वहीं, हमास ने भी इजरायली सेना पर मिसाइल हमले का दावा किया है। माना जा रहा है कि इजरायली बमबारी के बीच इस इलाके से करीब आठ लाख फलस्तीनी दक्षिण गाजा भाग गए हैं। हमास लड़कों द्वारा बंधक बनाए गए एक बंदी के सफल बचाव से उत्साहित इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संघर्ष विराम के आह्वान को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि हम हमास को नेस्तनाबूद कर उसकी गाजा पर फिर से शासन करने की क्षमता को नष्ट कर देंगे।

गाजा पर हवाई, समुद्री व जमीनी कार्रवाई तेज

इजरायली बलों ने समुद्री, हवाई वीनी कार्रवाई में हमास को बड़ी क्षति पहुंचाने का दावा किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इरानी सेना प्रमुख मेजर जनरल मोहम्मद बाघेरी ने मंगलवार को दावा किया कि गाजा पट्टी के उत्तर में 400 किलोमीटर से अधिक लंबी सुरंगें हैं। इनमें से कुछ में वाहन व बाइक गुजर सकते हैं। रायटर के अनुसार, इससे पहले इजरायल रक्षा बलों ने सोमवार को गाजा पर हवाई, समुद्री व जमीनी कार्रवाई करते हुए टैंक रोधी मिसाइलों व राकेट से 300 हमले किए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इजरायली बलों ने गाजा सिटी पर दो तरफ से हमला बोला और हमास के कब्जे से एक इजराली सैनिक को मुक्त करा लिया। हमास ने 240 बंधकों में से अब तक चार नागरिकों को मुक्त किया है।

ध्यान हिजबुल्ला पर केंद्रित

टाइम्स आफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद शुक्रवार को हिजबुल्ला प्रमुख हसन नसरुल्लाह के पहले सार्वजनिक संबोधन की उम्मीद है। यह इजरायल समय के अनुसार शाम तीन बजे निर्धारित है। इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार तजाची हनेग्बी ने कहा है कि हमास से निपटने के बाद इजरायल अपना पूरा ध्यान हिजबुल्ला पर केंद्रित करेगा। संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के स्थायी प्रतिनिधि गिलाद एर्दान ने हमास की तुलना नाजी से की। उन्होंने हमास को आधुनिक नाजी कहा है और यह भी कहा कि आतंकवादी समूह संघर्ष का समाधान नहीं ढूंढ रहा है। वहीं, हमास आतंकवादियों द्वारा रिहाई के 10 दिन बाद अमेरिकी बंधक नताली रानान वापस शिकागो पहुंचीं है।

...मेरा पुनर्जन्म हुआ

सात अक्टूबर को उत्तरी इजरायल में किबुत्ज रीम में हमास हमले में अपनी जान बचाने वाले 33 वर्षीय राडा ने घटना की याद करते हुए कहा कि इस दिन मेरा पुनर्जन्म हुआ। अब मेरे पास दो जन्म तिथियां हैं। मूल वाला 15 मार्च को और नया वाला 7 अक्टूबर को है। पूरी रात चलने वाले इजरायली संगीत समारोह की व्यवस्था करने के लिए नियुक्त राडा और रायफ रशीद सुबह होते ही कर भाग गए, जब 7 अक्टूबर को हमास के उग्रवादियों ने भीड़ पर हमला कर दिया और उत्सव को डरावनी जगह में बदल दिया।

पौने सात लाख फलस्तीनी स्कूलों व अन्य सुविधा केंद्रों में लिए हैं आश्रय

इस क्षेत्र से आधे से अधिक 23 लाख फलस्तीनी अपने घरों से भाग गए हैं, जिनमें से हजारों ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा संचालित स्कूलों में बने आश्रय स्थलों या अस्पतालों में हजारों घायल रोगियों के साथ शरण ली है। इस पर डाक्टरों ने चिंता जताई है। फलस्तीनी शरणार्थियों के लिए काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र एजेंसी यूएनआरडब्ल्यूए का कहना है कि लगभग 6,72,000 फलस्तीनी इसके स्कूलों और अन्य सुविधा केंद्रों में आश्रय लिए हुए हैं, जो उनकी क्षमता से चार गुना अधिक है।

गाजा में मारे गए लोगों में से लगभग 70 प्रतिशत बच्चे और महिलाएं

इजरायली घेराबंदी के कारण बुनियादी चीजों की आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे लोगों को भोजन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सप्ताहांत में हजारों लोग भोजन की तलाश में सहायता गोदामों में घुस गए। यूएनआरडब्ल्यूए के आयुक्त जनरल फिलिप लेजारिनी ने कहा है कि गाजा में हजारों बच्चों की हत्या हुई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, गाजा में मारे गए लोगों में से लगभग 70 प्रतिशत बच्चे और महिलाएं हैं। गैर-सरकारी संगठन सेव द चिल्ड्रेन ने बताया कि तीन सप्ताह के अंदर गाजा में लगभग 3,200 बच्चे मारे गए हैं। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने मंगलवार को इजरायल-हमास संघर्ष के तीव्र होने पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

हमास के वरिष्ठ नेता का घर ध्वस्त, लेकिन भागने में सफल

आइएनएस के अनुसार, इजरायली सुरक्षा बलों (आइडीएफ) ने कहा कि वेस्ट बैंक में रामल्ला के पास अरौरा कस्बे में हमास के वरिष्ठ नेता सलेम अल अरौरी का मकान ध्वस्त कर दिया गया है। आइडीएफ ने मंगलवार को जारी बयान में कहा है कि हमले के दौरान सलेम भागने में सफल रहा। वह लेबनान का है और हमास समूह का राजनीतिक उप प्रमुख है। इसके साथ ही इसे वेस्ट बैंक में हमास के सैन्य इकाई का नेता माना जाता है। इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) के लड़ाकू विमानों ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया और उन्हें नष्ट कर दिया।

8525 फलस्तीनियों की मौत, 31 पत्रकारों ने भी गंवाई जान

इजरायल पर सात अक्टूबर को हमास के हमले के बाद से अब तक कम से कम 8,525 फलस्तीनी इजरायली सैनिकों के हमले में मारे गए हैं। हमास नियंत्रित गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि इनमें 3,542 बच्चे शामिल हैं। वहीं, द टाइम्स आफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल-हमास संघर्ष के दौरान सात अक्टूबर से अब तक 31 पत्रकारों की मौत हुई है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इजरायल के हमले में 130 हेल्थकेयर कर्मचारियों की भी मौत हो गई है। 32 हेल्थकेयर सेंटर के साथ 15 अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो चुकी हैं।

लाल सागर क्षेत्र से दागी मिसाइल को एरो ने रोका

ऐतिहासिक रूप से पहली बार इजरायल की एरो वायु रक्षा प्रणाली ने लाल सागर क्षेत्र से उसकी ओर दागी गई सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल को सफलतापूर्वक रोक दिया। द टाइम्स आफ इजरायल ने मंगलवार को बताया कि मिसाइल को यमन में ईरान समर्थित हाउती विद्रोहियों की ओर से लांच करने का संदेह है। इसका लक्ष्य इजरायल का सबसे दक्षिणी शहर इलियट था। इजरायल रक्षा बल ने बताया कि उनकी वायु सेना प्रणालियों ने मिसाइल के पथ को सावधानीपूर्वक ट्रैक किया और इसे सबसे उपयुक्त परिचालन समय और स्थान पर मार गिराया। वहीं, हाउथी विद्रोहियों ने यूएवी हमले का दावा किया है। यमन में ईरान समर्थित हाउथी विद्रोहियों ने दक्षिणी इजरायल के खिलाफ हमलों की एक श्रृंखला की जिम्मेदारी ली है।