विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन हैं नेतन्याहू को टक्कर देने वाले आइसेनकोट? सैनिक से सेनाध्यक्ष और अब इजरायल के पीएम बनने की दौड़ में शामिल

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:42 PM (IST)

इजरायल के पूर्व सेना प्रमुख और अब प्रधानमंत्री पद के दावेदार गादी आइसेनकोट अपने सिद्धांतों और सादगी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने सेना प्रमुख का पद ठुकराया था।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सिद्धांतों के कारण सेना प्रमुख का पद ठुकराया था।

  2. गाजा में बेटे की मौत का गहरा व्यक्तिगत सदमा।

  3. 'यशार' पार्टी से राजनीति में शानदार सफलता मिली।

डिजिटल डेस्क, यरुशलम। इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग द्वारा सरकार बनाने का निमंत्रण दिए जाने के बाद गादी आइसेनकोट एक बार फिर सुर्खियों में हैं। गंभीर स्वभाव के माने जाने वाले आइसेनकोट को उनके सिद्धांतों के लिए जाना जाता है।

वे खुद को धार्मिक नहीं मानते, लेकिन पढ़ने-लिखने में उनकी गहरी रुचि है। लेखक मार्टिन इंडिक की पुस्तक मास्टर ऑफ द गेम उनकी सबसे पसंदीदा किताब है।

सीनियर्स के सम्मान में ठुकरा दिया था सेना प्रमुख का पद

यह बात 4 फरवरी 2011 की है, जब गादी आइसेनकोट हर्जलिया स्थित अपने घर पर परिवार के साथ रात का भोजन कर रहे थे। तभी तत्कालीन रक्षा मंत्री एहुद बराक का फोन आया और उन्होंने किसी आपात स्थिति का हवाला देते हुए गादी को तुरंत यरुशलम में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आवास पर पहुंचने को कहा।

वहां पहुंचने पर नेतन्याहू ने उन्हें बताया कि वे रविवार की कैबिनेट बैठक में उन्हें इजरायल का नया आर्मी चीफ बनाने का प्रस्ताव रखने जा रहे हैं। हालांकि, गादी ने यह प्रस्ताव विनम्रता से ठुकरा दिया।

उनका मानना था कि सेना में उनसे वरिष्ठ तीन डिप्टी चीफ मौजूद हैं, जो इस पद के असली हकदार हैं, और ऐसा करना सेना के हित में नहीं होगा। बाद में उन्हीं की सलाह पर बेनी गैंट्ज को नया सेना प्रमुख नियुक्त किया गया।

आइसेनकोट का सादगी भरा अंदाज

दिसंबर 2023 में गादी आइसेनकोट को गहरा व्यक्तिगत सदमा लगा, जब उत्तरी गाजा में हुए एक धमाके में उनके सबसे छोटे बेटे मास्टर सार्जेंट गाल की जान चली गई।

गाल उस समय अक्टूबर में हमास द्वारा बंधक बनाए गए दो इजरायली नागरिकों के अवशेष खोजने के अभियान में जुटे थे। गादी को दो बक्सों में अपने बेटे का सामान सौंपा गया था, जिसे वे आज तक खोलकर नहीं देख पाए हैं।

द टाइम्स ऑफ इजरायल के अनुसार, उन्होंने कहा था कि वे बीते वक्त को तो नहीं बदल सकते, लेकिन गाल ने जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, खुद को उसके योग्य साबित करने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।

पहनावे की बात करें तो चुनाव से पहले उन्हें कोट-पैंट में बहुत कम देखा जाता था, काली शर्ट या टी-शर्ट और जींस ही उनकी खास पहचान रही है।

क्या है पारिवारिक पृष्ठभूमि?

19 मई 1960 को इजरायल में जन्मे गादी के माता-पिता, एस्थर और मेइर, मोरक्को से आकर यहां बसे थे। वे मिजराही यहूदी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, जो मध्य पूर्व या अफ्रीका से इजरायल आए थे।

जब गादी एक साल के थे, तब उनका परिवार लाल सागर के तट पर बसे इलात शहर में आ गया, जहां उनके पिता तांबे की खदान में काम करते थे। बाद में उनके पिता ने दूसरी शादी कर ली।

गादी अपने माता-पिता की दूसरी संतान थे। आज उनके परिवार में पत्नी हाना और पांच बच्चे हैं, जबकि विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 19 करोड़ रुपये है।

उनकी शादी की कहानी भी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। साल 1977 में मैरीटाइम स्टडीज की पढ़ाई के दौरान उनकी मुलाकात हाना से हुई और दोनों में प्यार हो गया। लेकिन 1978 में गादी के सेना में भर्ती होने के बाद मुलाकातें कम होने लगीं और दोनों अलग हो गए।

संयोग से बाद में हाना भी सेना में शामिल हो गईं। साल 1982 के पहले लेबनान युद्ध के दौरान एक सैन्य मिशन में दोनों की फिर मुलाकात हुई, जिसके बाद 1984 में उन्होंने शादी कर ली।

पायलट बनने का अधूरा सपना

नवंबर 1978 में महज 18 वर्ष की आयु में सेना से जुड़ने वाले आइसेनकोट ने करीब 40 साल तक देश की सेवा की। शुरुआत में वे 1978 में वायुसेना के पायलट कोर्स में भी गए थे, लेकिन एक महीने के भीतर ही उन्हें इससे बाहर कर दिया गया।

सेना में रहते हुए उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और तेल अवीव यूनिवर्सिटी से इतिहास, हाइफा यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान तथा अमेरिका के आर्मी वॉर कॉलेज से रणनीतिक अध्ययन में मास्टर्स की डिग्री हासिल की।

साल 2015 में वे इजरायल के सेनाध्यक्ष बने और 2019 तक इस पद पर रहे। अमेरिका और इजरायल के बीच रणनीतिक सहयोग बढ़ाने के लिए अगस्त 2016 में अमेरिका ने उन्हें कमांडर ऑफ द लीजन ऑफ मेरिट सम्मान से नवाजा।

नई पार्टी से राजनीति में कदम मिली बड़ी कामयाबी

सैन्य जीवन के बाद 2022 में वे बेनी गैंट्ज की पार्टी से जुड़े और 2023 में सांसद चुने गए। अक्टूबर 2023 में हमास के हमले के बाद बनी वॉर कैबिनेट में भी वे शामिल रहे। इसके बाद सितंबर 2025 में उन्होंने 'यशार' नाम से अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाई।

महज एक साल पुरानी इस पार्टी ने अक्टूबर 2026 के चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब 16 प्रतिशत वोट और 21 सीटें हासिल कीं और देश की दूसरी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी।

क्या है दाहिया डॉक्ट्रिन से जुड़ा विवाद?

अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आइसेनकोट को अक्सर रूखा, करिश्मे से दूर और फौलादी रीढ़ वाला टेडी बियर कहा जाता है। हिब्रू यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर गिदोन राहत के शब्दों में, आइसेनकोट वे सभी गुण रखते हैं जो नेतन्याहू में नहीं हैं।

हालांकि, उनका नाम एक बड़े सैन्य विवाद से भी जुड़ा रहा है। साल 2008 में उन्होंने बयान दिया था कि इजरायल की ओर चलने वाली हर गोली के जवाब में अत्यधिक और असमान ताकत यानी डिसप्रोपोर्शनल फोर्स का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें इमारतों, सड़कों और बुनियादी ढांचे को नष्ट करना भी शामिल है। चूंकि ऐसी कार्रवाई 2006 में बेरूत के दाहिया इलाके में की गई थी, इसलिए इस नीति को दाहिया डॉक्ट्रिन नाम दिया गया।

यह भी पढ़ें- इजरायल में गठबंधन को लेकर बैठक रद, आइसेनकोट बोले- एक मिनट भी पद पर रहने लायक नहीं नेतन्याहूं

यह भी पढ़ें- ईरानी खतरे से निपटने के लिए नेतन्याहू ने दिया था राष्ट्रीय एकता सरकार का प्रस्ताव, आइसेनकोट ने ठुकराया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।