ईरानी खतरे से निपटने के लिए नेतन्याहू ने दिया था राष्ट्रीय एकता सरकार का प्रस्ताव, आइसेनकोट ने ठुकराया
इजरायल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान से खतरे से निपटने के लिए विपक्षी नेता गादी आइसेनकोट को राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने का प्रस्ताव दिया।

नेतन्याहू का राष्ट्रीय एकता सरकार प्रस्ताव ठुकराया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। इजरायल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने विपक्षी नेता गादी आइसेनकोट से राष्ट्रीय एकजुट सरकार बनाने के लिए बिना किसी पूर्व शर्त के बातचीत करने का आग्रह किया।
उन्होंने देश की सुरक्षा संबंधी चुनौतियों, खासकर ईरान से पैदा खतरे से निपटने के लिए यहूदी बहुल दलों का गठबंधन बनाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि आइसेनकोट ने इस प्रस्ताव को एक पैंतरा करार देते हुए उसे खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि लिकुड और याशर दलों के बीच बातचीत अगले दिन के लिए पहले ही तय हो चुकी है।
नेतन्याहू ने शनिवार को एक वीडियो बयान में कहा कि आइसेनकोट के साथ हाल में हुई बातचीत ने व्यापक आधार वाली सरकार की जरूरत को लेकर उनका विश्वास और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि सीमित गठबंधन या उन दलों पर निर्भर सरकार इजरायल की सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से नहीं निपट पाएगी।
नेतन्याहू ने कहा कि प्रस्तावित एकता सरकार में उन सभी दलों को शामिल होना चाहिए जो इजरायल के यहूदी लोगों का देश के रूप में अस्तित्व बनाए रखने का समर्थन करते हैं।
उन्होंने ईरान से खतरे का जिक्र करते हुए दावा किया कि तेहरान अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है। अगर ईरान ने यूरेनियम संवर्धन फिर से शुरू किया और परमाणु हथियारों के विकास में तेजी लाई तो वहां की सरकार इजरायल के अस्तित्व के लिए खतरा बन सकती है।
इधर, याशर पार्टी के प्रमुख आइसेनकोट ने यह पेशकश ठुकरा दी। उन्होंने कार्यवाहक प्रधानमंत्री के प्रस्ताव को एक पैंतरा करार दिया है।
(न्यूज एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)