Death Penalty in China: चीन में पत्नी को जिंदा जलाने वाले को हुई फांसी, दिल दहला देने वाली घटना को लेकर देशभर में था आक्रोश
तांग की तिब्बती महिला लहमो से शादी हुई थी। दोनों के बीच आए-दिन झगड़ा होता था। इससे दुखी होकर लहमो ने तांग से तलाक ले लिया था। तांग उस पर दोबारा शादी के लिए दबाव बना रहा था लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी।
बीजिंग, एएनआइ। चीन में अपनी पूर्व पत्नी को जिंदा जलाने वाले एक व्यक्ति को फांसी पर टांग दिया गया। उसने दो वर्ष पहले लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान पूर्व पत्नी को जिंदा जला दिया था। उसे पिछले साल मौत की सजा सुनाई गई थी। दिल दहला देने वाली इस घटना को लेकर देशभर में लोगों का आक्रोश दिखा था।
ग्लोबल टाइम्स की खबर के अनुसार, दक्षिणी-पश्चिमी सिचुआन प्रांत में तांग लू नामक व्यक्ति को शनिवार को फांसी दी गई। तांग की तिब्बती महिला लहमो से शादी हुई थी। दोनों के बीच आए-दिन झगड़ा होता था। इससे दुखी होकर लहमो ने तांग से तलाक ले लिया था। तांग उस पर दोबारा शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी।
कोर्ट ने अक्टूबर 2021 में सुनाई थी सजा
सितंबर 2020 में लहमो कैमरे पर जब लाइव स्ट्रीमिंग कर रही थी तो उसी दौरान तांग ने पीछे से आकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के दो हफ्ते बाद लहमो की मौत हो गई। कोर्ट ने अक्टूबर 2021 में तांग को फांसी की सजा सुनाई गई थी।
घरेलू महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार को लेकर चीनीं लोगों का फूटता है गुस्सा
बता दें कि चीन में घरेलू हिंसा, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म चीनी समाज में महिलाओं को प्रभावित करने वाले मुद्दे हैं। इन सब मुद्दों को लेकर चीनी इंटरनेट मीडिया में लोग अपनी आवाज तेज करते आ रहे हैं।
इससे पहले भी आ चुका है महिला के साथ दुर्व्यवहार का मामला
इससे पहले जून में पुरुषों के एक समूह ने चीन के तांगशान शहर में एक रेस्तरां में भोजन करने वाली महिला को जमकर पीटा था। चीनी सोशल मीडिया यूजर्स ने इस मुद्दे को जमकर उठाया था। पुलिस प्रतिक्रिया के प्रति जनता के आक्रोश के बाद अधिकारियों ने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।