'यह बदनाम करने की साजिश है', एनवीडिया के CEO जेनसेन हुआंग पर जासूसी के आरोप को चीन ने किया खारिज
चीन ने एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग को 'हनीट्रैप' करने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें आधारहीन और चीन को बदनाम करने की कोशिश बताया है।

चीन ने एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग पर जासूसी के आरोपों को खारिज किया(फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, बीजिंग। अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग को हनिट्रैप करने के दावों को चीन ने सिरे से खारिज कर दिया है। बीजिंग ने इन आरोपों को पूरी तरह आधारहीन बताते हुए अपनी छवि बिगाड़ने की दुर्भावनापूर्ण कोशिश करार दिया है।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि तथाकथित चीनी जासूस से जुड़ा पूरा घटनाक्रम पूरी तरह से निराधार, बेबुनियाद और चीन को बदनाम करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है।
एनवीडिया बोर्ड ने बैठाई स्वतंत्र जांच
चीन का यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है जब एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी जांच एजेंसियों को संदेह है कि सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व कार्यकारी एलिस हुआंग को चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय ने जेनसेन हुआंग और एनवीडिया से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां जुटाने के लिए संपर्क में लगाया था।
इन आरोपों के बाद सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड भी जांच के दायरे में आ गई है। मेगास्पीड एनवीडिया से बड़े पैमाने पर एआई चिप्स खरीदती है।
अमेरिकी एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि क्या मेगास्पीड के जरिए अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित अत्याधुनिक एआई प्रोसेसर्स पिछले दरवाजे से चीन तक पहुंचाए जा रहे थे।
जेनसेन हुआंग ने कर्मचारियों से मांगी माफी
इस विवाद के बीच जेनसेन हुआंग ने हाल ही में एनवीडिया के कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में स्वीकार किया कि वह अपने वैवाहिक जीवन में पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। उन्होंने महिला का नाम लिए बिना अपने परिवार और सहकर्मियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।
वहीं, एनवीडिया के बोर्ड का कहना है कि फिलहाल ऐसा कोई आधार नहीं दिखता जिससे यह साबित हो कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय तकनीकी डेटा के साथ कोई समझौता हुआ है।
यह भी पढ़ें- व्हिस्की डेट्स से अरबों डॉलर के सौदे तक... चीनी जासूस के जाल में कैसे फंसे एनवीडिया सीईओ? Inside Story
यह भी पढ़ें- 'मैंने पत्नी को धोखा दिया', एनवीडिया सीईओ जेनसेन हुआंग ने स्वीकारी चीनी जासूस संग अफेयर की बात
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।