'मैनें पत्नी को धोखा दिया', एनवीडिया सीईओ जेनसेन हुआंग ने स्वीकारा चीनी जासूस संग अफेयर की बात
एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग ने एक संदिग्ध चीनी जासूस के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की है, ...और पढ़ें

एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग(फाइल फोटो)
HighLights
एनवीडिया सीईओ जेनसेन हुआंग ने चीनी जासूस से संबंध स्वीकारे।
कंपनी बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू की।
हुआंग ने परिवार और कर्मचारियों से सार्वजनिक माफी मांगी।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) चिप बनाने वाली दुनिया की दिग्गज कंपनी एनवीडिया के संस्थापक और सीईओ जेनसेन हुआंग ने अपने कर्मचारियों को भेजे एक ईमेल में एक संदिग्ध चीनी जासूस के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की है।
यह कन्फेशन उन खबरों के बाद आई है जिनमें दावा किया गया था कि हुआंग किसी विदेशी खुफिया एजेंसी की साजिश के निशाने पर थे। इस खुलासे के बाद एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, जेनसेन हुआंग चीन की एक जासूसी साजिश का शिकार हुए थे। यह साजिश एलिस हुआंग नाम की एक चीनी कारोबारी महिला द्वारा रची गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, एलिस ने हुआंग के साथ बेहद करीबी संबंध स्थापित किए और कथित तौर पर एनवीडिया की आधुनिक एआई चिप्स व खुफिया जानकारियां बीजिंग तक पहुंचाईं।
सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की टॉप कार्यकारी रहीं एलिस हुआंग को अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने चीन की खुफिया एजेंट के रूप में चिन्हित किया था।
कर्मचारियों को लिखे पत्र में मांगी माफी
जेनसेन हुआंग ने कंपनी के नाम एक संदेश शीर्षक से भेजे गए ईमेल में अपने परिवार और कर्मचारियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। हुआंग ने लिखा कि मैं अपने परिवार और आप सभी से माफी मांगता हूं। मैंने अपनी पत्नी को धोखा दिया। मेरे इस कदम से मेरी पत्नी और बच्चों को गहरा आघात पहुंचा है।
मैंने जो किया, उसका कोई बहाना नहीं हो सकता। मुझे इसका बेहद अफसोस है। उन्होंने कहा कि वह अपने किए और उससे पहुंचे दर्द की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं और हर आलोचना को स्वीकार करते हैं।
हुआंग ने आगे कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा और एनवीडिया के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने कंपनी बोर्ड द्वारा शुरू की गई स्वतंत्र जांच में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और अपील की कि उनके व्यक्तिगत फैसलों के लिए उनके परिवार को परेशान न किया जाए और उनकी निजता का सम्मान किया जाए।
एनवीडिया बोर्ड ने बैठाई स्वतंत्र जांच
एनवीडिया के बोर्ड ने रविवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर स्वतंत्र जांच शुरू करने की पुष्टि की। बोर्ड ने कहा कि हालांकि फिलहाल ऐसा कोई संकेत या आधार नहीं मिला है जिससे यह लगे कि देश की राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी की गोपनीय तकनीकी सूचनाओं के साथ कोई समझौता हुआ है, फिर भी उपलब्ध सभी तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जाएगी।
बाहरी कानूनी विशेषज्ञों की मदद से स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति इस जांच की निगरानी करेगी। बोर्ड ने हुआंग और उनके नेतृत्व पर अपना विश्वास भी बरकरार रखा है। दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर पूछे गए सवाल पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए इसे कंपनी का "आंतरिक कॉर्पोरेट मामला" बताया।
मेगास्पीड के साथ सामान्य कारोबारी संबंध का दावा
विवादों के केंद्र में आई कंपनी मेगास्पीड पहले से ही अमेरिकी वाणिज्य विभाग की जांच के घेरे में रही है, जहां यह जांच की जा रही थी कि क्या यह कंपनी अमेरिकी प्रतिबंधों को दरकिनार कर चीन को एनवीडिया चिप्स हासिल करने में मदद कर रही थी।
इस मुद्दे पर सफाई देते हुए जेनसेन हुआंग ने कहा कि मेगास्पीड और उसके अधिकारियों के साथ एनवीडिया का रिश्ता पूरी तरह सामान्य और पेशेवर था। उन्होंने कहा कि हमने अपने जीपीयू चिप्स की आपूर्ति और तैनाती का पूरा हिसाब रखा है।
एलिस हुआंग के साथ मेरी बातचीत वैसी ही थी जैसी अन्य चीनी ग्राहकों और अधिकारियों के साथ होती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एलिस अब उस कंपनी में कार्यरत नहीं हैं और अमेरिकी सरकार ने उन्हें एलिस को लेकर किसी भी खुफिया संदेह की पहले कोई जानकारी नहीं दी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।