Donald Trump Inauguration Day 2025: शपथ जनवरी में ही क्यों? हाथ में बाइबिल रखने का क्या है इतिहास, यहां जानें सबकुछ
Donald Trump Inauguration Day 2025 अमेरिका में अब की बार ट्रंप सरकार आ गई। आज डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद की शपथ लेने जा रहे हैं। वे नवंबर में ही इस पद के लिए चुने जा चुके थे लेकिन ढाई माह बाद शपथ ग्रहण के पीछे क्या कारण है? ऐसी कई परंपराएं अमेरिकी राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण से जुड़ी हुई हैं जिस पर पूरी दुनिया की नजरें रहेंगी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। डोनाल्ड ट्रंप आज अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। वे अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बनेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में दुनिया भर की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। अमेरिका के चिर प्रतिद्वंद्वी चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग सहित कई विदेशी मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे। दुनिया के सबसे ताकतवर और बड़े लोकतांत्रिक देश के राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण पर पूरी दुनिया की नजरें रहेंगी। इस शपथग्रहण से जुड़े कई अहम सवाल हैं, जिन्हें जानना बड़ा दिलचस्प होगा। जैसे कि जनवरी के महीने में ही शपथ ग्रहण का इनॉग्रेशन क्यों होता है? शपथ लेते समय बाइबिल हाथ में रखने की परंपरा क्या है और कब से है?
इनॉग्रेशन-डे जनवरी में ही क्यों होता है?
डोनाल्ड ट्रंप 3 नवंबर 2024 को ही अमेरिका के प्रेसिडेंट पद के लिए इलेक्ट हो गए थे। अब जाकर 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद का शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है। सवाल यह है कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव जीत जाने के इतने लंबे 'गैप' के बाद क्यों शपथ ग्रहण करता है। इसके पीछे क्या कारण है। चुनाव जीतने के ढाई महीने के बाद शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित करने के पीछे क्या कारण है। दरअसल, अमेरिका के संविधान में 20वां संशोधन करके यह परंपरा शुरू की गई थी।
शपथ के लिए 20 जनवरी की तारीख कब तय हुई?
- पहले ऐसा नहीं होता था। साल 1937 से पहले तक अमेरिका में प्रेसिडेंट पद का शपथ ग्रहण 5 मार्च को होता था। इससे पहले 30 अप्रैल 1789 को जॉर्ज वाशिंगटन ने फेडरल हॉल की बालकनी में खड़े होकर अमेरिका के प्रेसिडेंट पद की शपथ ग्रहण की थी। इस दौरान उनकी आयु 57 साल की थी।
- जॉर्ज वॉशिंगटन दूसरी बार भी अमेरिका के राष्ट्रपति बने। उन्होंने दूसरी बार 4 मार्च 1793 के दिन एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति पद की शपथ ली।
- फिर जेम्स मोनरो राष्ट्रपति बने, उन्होंने राष्ट्रपति पद का चुनाव जीता और 5 मार्च 1821 को अपना शपथ ग्रहण कार्यक्रम रखा।
- इसके बाद अमेरिका के संविधान में संशोधन किया गया। इस 20 वें संशोधन के बाद तय किया गया कि अब से 20 जनवरी को ही राष्ट्रपति पद के लिए इनॉग्रेशन रखा जाएगा।
- अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए इस तारीख को शपथ ग्रहण तय किए जाने के बाद फ्रेंकलिन रुजवेल्ट पहले अमेरिकी राष्ट्रपति थे, जिन्होंने साल 1937 की 20 जनवरी के दिन शपथ ली।
शपथ ग्रहण में बाइबिल का इतिहास कितना पुराना?
अमेरिका एक ईसाई बहुल देश है। यहां राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण और बाइबिल का एक बहुत पुराना इतिहास है। हालांकि एक तथ्य यह भी है कि शपथ ग्रहण के दौरान बाइबिल रखना कानूनी रूप से 'मेंडेटरी' बिल्कुल नहीं है। लेकिन बाइबिल रखने की परंपरा काफी पुरानी है। ठीक वैसे ही जैसे भारत में बजट पेश के अंतिम दौर में 'हलुआ' बनाने की परंपरा रही है। हालांकि परंपरा का पालन करना अनिवार्य नहीं है, क्योंकि 1904 में एक बार अमेरिका में ऐसा मौका आया था, जब थेडर रूजवेल्ट ने साल 1904 की 14 सितंबर की तारीख को शपथ लेने के दौरान बाइबिल नहीं उठाई थी।
जब राष्ट्रपति की पत्नी के हाथों में आई बाइबिल
अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन और अब्राहम लिंकन से लेकर अब डोनाल्ड ट्रंप तक राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण के दौरान कई परंपराएं और रस्मे देखने में आईं। इनमें से एक है राष्ट्रपति की पत्नी का हाथों में बाइबिल लेना। इस परंपरा की तहत लेडी बर्ड जॉनसन पहली महिला थीं, जिन्होंने अपने पति के शपथ ग्रहण के दौरान हाथों में पवित्र बाइबिल को हाथों में उठाकर रखा था।
इलेक्ट होने और शपथ ग्रहण के बीच क्यों लगता है इतना समय?
हमारे देश में राष्ट्रपति हों या प्रधानमंत्री, चुनाव जीतने के बाद शपथग्रहण में इतना समय नहीं लगता। लेकिन यह जानना दिलचस्प होगा कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद ढाई महीने तक इंतजार क्यों करता है शपथ ग्रहण का? इसका कारण यह है कि इस दौरान इलेक्टेड राष्ट्रपति अपनी पूरी टीम तैयार करता है इसके लिए वह उन योग्य व्यक्तियों का चयन करता है, जिनके साथ उसे शासन चलाना है।
शपथ ग्रहण से जुड़ी ये बातें भी हैं दिलचस्प
नए राष्ट्रपति को सत्ता का हस्तांतरण की क्या है टाइमिंग?
शपथ ग्रहण के दिन ही सत्ता का हस्तांतरण नहीं होता है। निवर्तमान प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट 20 जनवरी को रात के 11.59 बजकर 59 सेकंड तक अपने पद पर बने रहते हैं। इसके बाद सारी प्रशासनिक शक्तियां नए एडमिनिस्ट्रेशन के पास पहुंच जाती हैं।
20 जनवरी को संडे आ जाए तो फिर क्या होगा?
अमेरिका में राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण यानी इनॉग्रेशन डे के दिन 20 जनवरी को संडे आ जाए तो इसका भी अलग नियम है। संडे आ जाए तो ऐसी स्थिति में निजी समारोह में शपथ ग्रहण का कार्यक्रम होता है। फिर अगले दिन 21 जनवरी को सार्वजनिक समारोह होता है। ऐसा साल 2013 में हो चुका है, जब बराक ओबामा दूसरी बार प्रेसिडेंट बने थे।
क्या दो बाइबिल के साथ शपथ लेंगे ट्रंप, क्या है इसका राज?
अमेरिका के इलेक्टेड राष्ट्रपति 20 जनवरी को शपथ के दौरान क्या दो बाइबिल हाथ में लेकर शपथ लेंगे? यह सवाल इसलिए भी है क्योंकि पिछली बार जब ट्रंप ने 20 जनवरी 2017 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी, तब उन्होंने शपथग्रहण के वक्त दो बाइबिल साथ में रखी थी। इनमें से एक ऐतिहासिक बाइबिल पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की थी और दूसरी बाइबिल ट्रंप की मां की थी, जो उन्हें गिफ्ट में मां से मिली।
लिंकन की बाइबिल ट्रंप के हाथों में, कितनी पुरानी है यह बाइबिल
- ट्रंप ने पिछली बार शपथ में जो बाइबिल अब्राहम लिंकन की अपने हाथों में रखी थी, वो 1861 के समय की है, जो खुद अब्राहम लिंकन ने अपने प्रथम शपथ ग्रहण के दौरान हाथों में रखी थी। इसलिए इस बाइबिल का ऐतिहासिक महत्व है।
- खास बात यह है कि ट्रंप ने अब्राहम लिंकन की जिस बाइबिल को अपने हाथों में पिछली बार शपथ ग्रहण के दौरान रखा था, उनसे पहले यही बाइबिल बराक ओबामा ने भी अपने राष्ट्रपति पद की शपथ के दौरान उपयोग की थी।
शपथ ग्रहण, उत्सव और डोनेशन
- अमेरिका के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण में दुनियाभर के बड़े राजनेता जुटेंगे। ऐसे में इस इनॉग्रेशन डे को भव्य बनाने के लिए बड़ी बड़ी हस्तियों ने डोनेशन दिया है। ट्रंप के शपथ ग्रहण के लिए 200 मिलियन डॉलर का डोनेशन अनुमानित है।
- इससे पहले जब जो बाइडन जब राष्ट्रपति बने थे, तब महज 62 मिलियन डॉलर का डोनेशन आया था। खुद ट्रंप जब 2017 में राष्ट्रपति चुने गए थे, तब भी केवल 107 मिलियन डॉलर की ही रकम जुटाई गई थी।
- इनॉग्रेशन डे भले ही 20 जनवरी को है, लेकिन यह उत्सव तीन दिन चलेगा। इसके लिए कार्यक्रम 17 जनवरी से ही प्रारंभ हो जाएंगे। 20 जनवरी के दिन कैपिटल हिल्स में भव्य जुलूस निकाला जाएगा।
Source:
- संयुक्त राज्य अमेरिका की आधिकारिक सरकारी वेबसाइट:
- https://www.usa.gov/inauguration
- Inauguration of the president of the United States:
- https://www.usa.gov/inauguration#:~:text=%22I%20do%20solemnly%20swear%20
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।