Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    काला सागर में समाया रूसी युद्धपोत मोस्‍कवा; जेलेंस्‍की ने भरी हुंकार, रूस का दावा यूक्रेन में लड़ रहे हैं नाटो के जवान

    By Krishna Bihari SinghEdited By:
    Updated: Fri, 15 Apr 2022 04:02 PM (IST)

    युद्धपोत मोस्‍कवा के काला सागर में डूब गया है। इससे रूस को बड़ा झटका लगा है। रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर घातक हमले किए हैं। रूस का दावा है कि यूक्रेन में नाटो के सैनिक भी लड़ रहे हैं।

    Hero Image
    बंदरगाह सेवस्तोपोल में रूसी मिसाइल क्रूजर मोस्कवा (File Photo Reuters)

    कीव, एजेंसियां। यूक्रेन के कथित मिसाइल हमले में रूसी युद्धपोत मोस्‍कवा के काला सागर में डूबने से रूस को बड़ा झटका लगा है। इस हमले के बाद रूस ने यूक्रेन के विभिन्‍न शहरों में हमले तेज कर दिए हैं। समाचार एजेंसी रायटर की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन की राजधानी कीव समेत अन्य शहरों में शुक्रवार को तड़के विस्फोटों की आवाज सुनी गई। यही नहीं पूरे यूक्रेन में रात भर हवाई हमले से अलर्ट करने वाले सायरन बज रहे थे। धमाकों की आवाज खेरसन, खार्किव और इवानो-फ्रैंकिवस्क में भी सुनी गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    काला सागर में रूसी युद्धपोत मोस्‍कवा को ध्‍वस्‍त करने के बाद यूक्रेनी राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की के हौसले बुलंद हैं। उन्‍होंने रूसी सेना से लोहा ले रहे यूक्रेनी जवानों की सराहना की। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के लोगों को रूस के जवाब में 50 दिनों तक टिके रहने पर गर्व होना चाहिए। रूस ने हमें अधिकतम पांच दिन दिए थे। यूक्रेन के लोग बेहद बहादुर हैं क्‍योंकि वे स्वतंत्रता को महत्व देते हैं। यूक्रेन के लोगों ने दिखा दिया है कि कैसे रूसी आक्रमण का सामना किया गया है।

    दूसरी ओर रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा है कि एक बंदरगाह पर ले जाते समय युद्धपोत एक तूफान की चपेट में आकर डूब गया। रूस का कहना है कि युद्धपोत के डूबने से पहले ही इस पर सवाल लोगों को सुरक्षित उतार लिया गया था। युद्धपोत पर आमतौर पर 500 जवान तैनात होते हैं। यह युद्धपोत लंबी दूरी की 16 मिसाइलें ले जा सकता है। जानकारों की मानें तो इससे रूस की सैन्य क्षमता पर गंभीर असर पड़ेगा। यही नहीं यह रूस की प्रतिष्ठा के लिए भी बड़ा झटका है।

    वहीं समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन में उसके विशेष सैन्‍य अभियान के दौरान नाटो देशों के सैन्य कर्मियों को पकड़ा गया है। रूसी संप्रभुता सुरक्षा आयोग के प्रमुख एंड्री क्लिमोव ने शुक्रवार को दावा किया कि पश्चिमी देशों ने रूस के खिलाफ यूक्रेनियन और भाड़े के सैनिकों के साथ युद्ध छेड़ रखा है। इस युद्ध में नाटो देशों के सैन्यकर्मी भी शामिल हैं। हमारे पास नाटो देशों के सैन्य कर्मी कैद हैं। हम दुनिया को दिखाएंगे कि वास्तव में क्या हुआ था।