अमेरिका ने पुतिन के प्रवक्ता समेत 50 रूसी अधिकारियों पर लगाया प्रतिबंध, वित्तीय सुविधाएं से भी होंगे वंचित
बाइडन ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में कैबिनेट की बैठक के बाद पुतिन के करीबियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इनमें रूस का सबसे धनी व्यक्ति भी शामिल है। प्रतिबंधित 50 लोग उनके परिवार और उनके करीबियों के अमेरिका आने पर रोक होगी।

वाशिंगटन, प्रेट्र। यूक्रेन पर हमले के विरोध में अमेरिका का रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ सख्ती बरतने का सिलसिला जारी है। अमेरिका ने अब पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव समेत 50 शीर्ष रूसी अधिकारियों, कुलीन वर्ग के लोगों और उनके परिजनों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि नवीनतम पाबंदियों में उन लोगों को निशाना बनाया गया है, जिन्होंने पुतिन प्रशासन से मिलकर जनता के धन को लूटा है और अपनी जेबें भरी हैं। इन पाबंदियों के दायरे में आने वाले लोग न तो अमेरिका की यात्रा कर सकेंगे और न ही वित्तीय सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
प्रतिबंधित लोग और उनके परिवार के सदस्य नहीं कर सकेंगे अमेरिका की यात्रा
बाइडन ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में कैबिनेट की बैठक के बाद पुतिन के करीबियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इनमें रूस का सबसे धनी व्यक्ति भी शामिल है। प्रतिबंधित 50 लोग, उनके परिवार और उनके करीबियों के अमेरिका आने पर रोक होगी।
पुतिन के करीबियों के खिलाफ सख्त पाबंदियां लगाना जारी रखेगा अमेरिका
बाइडन ने कहा कि अमेरिका पुतिन और उनके करीबियों के खिलाफ सख्त पाबंदियां लगाना जारी रखेगा। उन्हें वैश्विक तकनीक और वित्तीय व्यवस्था से दूर रखा जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस के खिलाफ उठाए गए प्रतिबंधात्मक कदमों का असर दिखने लगा है। हम पुतिन के खिलाफ इतिहास के सबसे कठोरतम आर्थिक प्रतिबंधों को बनाए रखना चाहते हैं।
बोरिस अकार्डी और इगोग रोटेनबर्ग समेत कई रूसी धनी लोगों के नाम हैं शामिल
विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एक बयान में प्रतिबंधित किए गए रूस के धनी लोगों के नाम की जानकारी दी। इनमें अलिशेर उस्मानोव, बोरिस अर्काडी और इगोर रोटेनबर्ग, उनके परिवार के सदस्य और उनसे जुड़ी कंपनियां शामिल हैं। वहीं, प्रतिबंधित किए गए प्रभावी लोगों में क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के साथ ही रूस के एक धनी व्यापारी येवजेनी प्रिगोझीन भी हैं, जिन्हें पुतिन का शेफ कहा जाता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।