विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रंप की ऐतिहासिक हार, संसद में डेमोक्रेट्स को बहुमत; US मिडटर्म इलेक्शन की पूरी डिटेल

Published: Wed, 04 Nov 2026 11:56 PM (IST)

अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को करारी हार मिली है, जिससे संसद के दोनों सदनों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है।

अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को करारी हार

अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को करारी हार

HighLights

  1. अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को करारी हार

  2. जनता के असंतोष और नीतियों के कारण रिपब्लिकन ने बहुमत खोया

  3. डेमोक्रेटिक पार्टी को संसद में नियंत्रण का अवसर मिला

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अपनी नीतियों और फैसलों से दुनिया की नाक में दम करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को देश में हुए मध्यावधि चुनाव (मिडटर्म इलेक्शन) में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।

अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस के दोनों सदनों प्रतिनिधि सभा और सीनेट में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी ने बहुमत गंवा दिया है। इसका मतलब है कि राष्ट्रपति को बाकी बचे दो वर्ष के कार्यकाल में विधेयकों को पारित कराने के लिए विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी पर निर्भर रहना होगा। इससे डेमोक्रेटिक पार्टी को ट्रंप पर नियंत्रण का अवसर मिल गया है।

डेमोक्रेटिक पार्टी की ऐतिहासिक जीत

डेमोक्रेटिक पार्टी ने कई अहम राज्यों में गवर्नर पदों पर भी जीत दर्ज की है। इन नतीजों का असर न केवल अमेरिका, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी देखने को मिल सकता है। रिपब्लिकन पार्टी की इस बड़ी हार की मुख्य वजह ट्रंप की नीतियों के प्रति लोगों में व्याप्त असंतोष को माना जा रहा है।

खासकर ईरान के विरुद्ध युद्ध को लेकर लोगों में नाराजगी थी, जिसके कारण महंगाई बढ़ गई और लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी हो गईं। यह मतदाताओं के गुस्से का ही असर था कि रिपब्लिकन ऐसी सीटें भी हार गए जहां वे पिछले कई बार से लगातार से चुनाव जीत रहे थे। प्रतिनिधि सभा के लिए पांच भारतवंशियों ने भी जीत हासिल की है और सभी डेमोक्रेटिक पार्टी से हैं।

क्या हैं ट्रंप के हार के कारण?

न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, ईरान में युद्ध, ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर व्यापक असंतोष का फायदा उठाते हुए डेमोक्रेटिक पार्टी ने पूरे देश में निर्णायक जीत हासिल की है।

जनता की नाराजगी के चलते रिपब्लिकन ने अपने मजबूत गढ़ माने जाने वाले टेक्सास, जार्जिया, आयोवा और ओहायो जैसे राज्यों में डेमोक्रेट्स के हाथों गवर्नर के पद गंवा दिए।

ओहायो के गवर्नर पद के चुनाव में ट्रंप के पसंदीदा भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को कड़े मुकाबले और पार्टी में अंदरूनी कलह के बीच डेमोक्रेट उम्मीदवार एमी एक्टन से हार का सामना करना पड़ा। प्रेट्र के अनुसार, इसके अलावा टेक्सास, मेन, साउथ कैरोलिना, नार्थ कैरोलिना, कंसास और आयोवा में सीनेट की सीटों पर भी पार्टी को झटका लगा।

ट्रंप ने इन राज्यों के मतदाताओं से यह कहते हुए मतदान की अपील की थी कि मानो वह खुद चुनाव मैदान में हैं। प्रतिनिधि सभा में भी रिपब्लिकन पार्टी ने बहुमत गंवा दिया है।

ट्रंप का दौर समाप्त हो गया है: क्रिस्टी 

रिपब्लिकन नेता क्रिस क्रिस्टी ने ‘एबीसी न्यूज’ से कहा, ‘ट्रंप का दौर समाप्त हो गया है।’ उल्लेखनीय है कि मध्यावधि चुनावों के दौरान प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की 37 सीटों पर मतदान हुआ। इसके अलावा 36 राज्यों में गवर्नर चुनने के लिए भी लोगों ने वोट डाले।

हार के बाद ट्रंप ने मीडिया को दिए साक्षात्कार में हार स्वीकार करते हुए कहा कि इसकी एक वजह ईरान युद्ध भी रहा। उन्होंने कहा कि वह डेमोक्रेट के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने ‘सीबीएस न्यूज’ से कहा, ‘मैं डेमोक्रेट्स को बधाई देता हूं और मैं अपने देश की भलाई के लिए आपके साथ मिलकर काम करने की अपेक्षा रखता हूं।’

मंगलवार रात चुनाव नतीजे आने के दौरान ‘द न्यूयार्क टाइम्स’ को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा, ‘मैं इन नतीजों को स्वीकार करने को तैयार हूं।’ उनका यह बयान उनके सामान्य आक्रामक तेवरों से अलग, विनम्र और मेल-मिलाप वाला था।

लेकिन जल्द ही वह अपने पुराने अंदाज में लौट आए और हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ना शुरू कर दिया। ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी की हार की वजह खुद का चुनावी मैदान में नहीं होना बताया।

ट्रंप ने दी वीटो पावर इस्तेमाल करने की धमकी

हार के बाद ट्रंप के मनमाने फैसले लेने पर अंकुश लग सकता है, क्योंकि अमेरिकी संसद के पास राष्ट्रपति के फैसलों को रोकने के व्यापक अधिकार हैं। अब ट्रंप के पास अपने फैसले लागू करने के लिए शासकीय आदेश जारी करने या संसद से पारित विधेयकों पर वीटो का इस्तेमाल करने का विकल्प ही होगा।

ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें लाल रंग की एक टोपी दिखाई दे रही है, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘वीटो’ लिखा हुआ है। उन्होंने लिखा, 'मुझे लगता है कि वे मेरे साथ काम करना चाहेंगे। वरना मैं हर चीज पर वीटो लगा दूंगा और वे ऐसा बिल्कुल नहीं चाहेंगे।'

अमेरिकी चुनाव के आंकड़े

1. सीनेट

विवरण संख्या
सीनेट में कुल सीटें 100
सीटों पर हुए मतदान 37
नतीजों के बाद दोनों दलों की स्थिति
डेमोक्रेटिक पार्टी की सीटें 54
रिपब्लिकन पार्टी की सीटें 44
अन्य 2

2. प्रतिनिधि सभा

विवरण संख्या
कितने सीटों पर हुए मतदान 435
डेमोक्रेटिक पार्टी की सीटें 228
रिपब्लिकन पार्टी की सीटें 139
परिणाम आने बाकी 68

3. राज्यों के गवर्नर

विवरण संख्या
कुल राज्य 50
इन राज्यों में हुए चुनाव 36
डेमोक्रेटिक पार्टी की सीटें 28
रिपब्लिकन पार्टी की सीटें 20
परिणाम आने शेष 2

ट्रंप की हार के पांच कारण

  • ईरान युद्ध के कारण ईंधन की कीमतों में वृद्धि
  • महंगाई और जीवन-यापन की बढ़ती लागत
  • बड़े-बड़े वादे करके उनसे मुकर जाना
  • सरकार में व्यापक पैमाने पर व्याप्त भ्रष्टाचार
  • ट्रंप के निजी हितों के लिए काम करने की धारणा

यह भी पढ़ें- अमेरिका मिडटर्म चुनाव रिजल्ट 2026: कांग्रेस के दोनों सदनों पर 'ब्लू वेव' का कब्जा, टॉप 10 विनर और लूजर्स

यह भी पढ़ें- 'अमेरिका में सत्ता बदली है, नीयत नहीं'; US में डेमोक्रेट्स की जीत पर मोजतबा खामेनेई की दो टूक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।