विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका मिडटर्म चुनाव रिजल्ट 2026: कांग्रेस के दोनों सदनों पर 'ब्लू वेव' का कब्जा, टॉप 10 विनर और लूजर्स

Published: Wed, 04 Nov 2026 07:11 PM (IST)

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव 2026 में डेमोक्रेटिक पार्टी ने 'ब्लू वेव' के साथ हाउस और सीनेट दोनों पर नियंत्रण हासिल कर ...और पढ़ें

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के टॉप 10 विनर और लूजर्स

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के टॉप 10 विनर और लूजर्स

HighLights

  1. डेमोक्रेट्स ने हाउस और सीनेट पर पूर्ण नियंत्रण पाया।

  2. राष्ट्रपति ट्रंप के लिए यह एक बड़ा व्यक्तिगत झटका।

  3. अब्दुल अल-सैयद बने पहले मुस्लिम अमेरिकी सीनेटर।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मतदाताओं से अपील की थी कि वे 2026 के मिडटर्म चुनावों को सीधे उनके कार्यकाल पर जनमत संग्रह समझकर मतदान करें।

बुधवार को आए चुनावी नतीजों से साफ हो गया है कि जनता ने उनके इस आह्वान पर अपना कड़ा फैसला सुना दिया है। पूरे अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की जबरदस्त ब्लू वेव देखने को मिली, जिसके चलते डेमोक्रेट्स ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों-हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट पर पूर्ण नियंत्रण हासिल कर लिया है।

यह परिणाम सत्ताधारी रिपब्लिकन पार्टी और राष्ट्रपति ट्रंप के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। डेमोक्रेट्स ने न केवल अपनी सीटें बचाईं बल्कि टेक्सास, कंसास, साउथ कैरोलिना और आयोवा जैसे दशकों पुराने रिपब्लिकन गढ़ों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। टेक्सास में 1990 के दशक के बाद पहली बार डेमोक्रेटिक नेता जीना हिनोजोसा गवर्नर चुनी गईं।

अमेरिका मिडटर्म चुनाव 2026 के टॉप 10 विजेता और हारने वालों के बारे में जानते हैं।

नतीजों में जीतने वाले लोग

1. डेमोक्रेटिक पार्टी

पार्टी ने मिडल अमेरिका और रस्ट बेल्ट में शानदार वापसी करते हुए सीनेट और हाउस दोनों पर कब्जा जमाया। लैटिनो और ग्रामीण मतदाताओं के बीच पैठ बढ़ाकर पार्टी ने ट्रंप के मजबूत वोटबैंक में सेंध लगाई। इस जीत के साथ डेमोक्रेट्स को कांग्रेसनल कमेटियों, बजट और प्रशासनिक जांच पर वीटो जैसी शक्तियां मिल गई हैं।

2. अब्दुल अल-सैयद

मिशिगन से 42 वर्षीय चिकित्सक अब्दुल अल-सैयद ने रिपब्लिकन माइक रोजर्स को हराकर इतिहास रच दिया। वे अमेरिकी सीनेट में पहुंचने वाले पहले मुस्लिम नेता बन गए हैं।

'यूनिवर्सल हेल्थकेयर' और फलस्तीन-समर्थक प्रगतिशील रुख वाले अल-सैयद ने भारी राजनीतिक और वित्तीय विरोध के बावजूद यह जीत हासिल की।

3. भारतीय अमेरिकी समुदाय

अमेरिकी राजनीति में भारतीय-अमेरिकियों का दबदबा और बढ़ा। फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेट पिया डंडिया जीतीं, वर्जीनिया से सुहास सुब्रमण्यम फिर से सांसद बने और मैरीलैंड में अरुणा मिलर ने दोबारा लेफ्टिनेंट गवर्नर पद पर कब्जा जमाया।

4. ईरान

अमेरिकी संसद पर डेमोक्रेट्स के नियंत्रण से ईरान को रणनीतिक राहत मिलने की उम्मीद है। मध्य पूर्व ट्रंप प्रशासन के सैन्य कदमों और बजट पर अब कैपिटल हिल कड़ी निगरानी रखेगा, जिससे तेहरान के खिलाफ एकतरफा सैन्य कार्रवाई और नए प्रतिबंधों पर रोक लग सकती है।

5. भारत

विशेषज्ञों के मुताबिक कमजोर राजनीतिक स्थिति में आए राष्ट्रपति ट्रंप अपनी कूटनीतिक और आर्थिक साख बचाने के लिए नई दिल्ली के साथ व्यापार समझौतों में तेजी ला सकते हैं। इससे भारत को वाशिंगटन के साथ अधिक संतुलित और अनुकूल व्यापारिक शर्ते तय करने का मौका मिलेगा।

नतीजों में हारने वाले

1. डोनल्ड ट्रंप 

खुद को चुनाव के केंद्र में रखकर प्रचार करने वाले ट्रंप के लिए यह व्यक्तिगत और राजनीतिक झटका है। दोनों सदनों में बहुमत खोने के बाद उनके विधायी एजेंडे, टैक्स रिफॉर्म और बजट प्रस्तावों पर ब्रेक लगना तय है। हालांकि कार्यकारी शक्तियां उनके पास रहेंगी, लेकिन डेमोक्रेटिक कमेटियां उनके प्रशासन की कड़ी जांच शुरू करेंगी।

2. एलन मस्क

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क का चुनावी दांव उलटा पड़ गया। अपने 'अमेरिका PAC' के जरिए करीब 366 मिलियन डॉलर खर्च करने के बावजूद वे टेक्सास सीनेट में केन पैक्सटन समेत कई प्रमुख रिपब्लिकन उम्मीदवारों को जीत नहीं दिला सके। अब विपक्षी कांग्रेस के निशाने पर मस्क के सरकारी अनुबंध और व्यापारिक सौदे आ सकते हैं।

3. विवेक रामास्वामी

'MAGA' आंदोलन के प्रमुख युवा चेहरे विवेक रामास्वामी ओहियो के गवर्नर पद का चुनाव हार गए। डेमोक्रेट एमी एक्टन ने उन्हें मात देकर राज्य की पहली महिला गवर्नर बनने का गौरव हासिल किया। ट्रंप के खुलकर समर्थन के बावजूद मिली इस हार ने रामास्वामी के भविष्य के राजनीतिक कद पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

4. जे.डी. वेंस

2028 में ट्रंप के संभावित राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जा रहे जे.डी. वेंस के गृह राज्य ओहियो में रिपब्लिकन्स को भारी हार का सामना करना पड़ा।

इस हार ने साबित किया है कि वेंस का प्रभाव अपने गृह राज्य में भी कमजोर पड़ा है, जिससे 2028 की दावेदारी में उनकी राह कठिन हो गई है।

5. इजरायल लॉबी

मिशिगन में अब्दुल अल-सैयद को हराने के लिए यूनाइटेड डेमोक्रेसी प्रोजेक्ट द्वारा 20 मिलियन डॉलर से अधिक खर्च किए जाने के बावजूद उनकी जीत हुई।

इससे यह संदेश गया है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर अब पारंपरिक इजरायल समर्थक लॉबी का एकाधिकार कमजोर हो रहा है और प्रोग्रेसिव खेमे का प्रभाव बढ़ रहा है।

6. आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के लिए भी यह परिणाम असहज करने वाले हैं। ट्रंप प्रशासन के साथ सीधी व्यक्तिगत पहुंच के दम पर मध्यस्थ बनने की उनकी रणनीति को डेमोक्रेट्स के नियंत्रण वाली अमेरिकी संसद में कड़ी कूटनीतिक जांच का सामना करना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- अमेरिका मिडटर्म चुनाव रिजल्ट: ट्रंप को कैसे लगा करारा झटका? फेरबदल की 10 बड़ी बातें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।