डिफेंस मिसाइलें, मीडियम रेंज के रॉकेट... रूस से जंग लड़ने के लिए यूक्रेन को हथियार देगा अमेरिका; ट्रंप ने किया बड़ा एलान
डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को हथियार भेजने का एलान किया है। एनबीसी न्यूज से बातचीत में उन्होंने कहा कि अमेरिका नाटो को हथियार भेजेगा जो यूक्रेन को मिलेंगे। ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के प्रति निराशा जाहिर की और सोमवार को रूस पर एक बड़ा बयान देने की बात कही है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कभी रूस-यूक्रेन जंग को रुकवाने का दावा करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब यूक्रेन को हथियार भेजने का एलान कर दिया है। ट्रंप ने गुरुवार को एनबीसी न्यूज से बातचीत में कहा कि हम नाटो को हथियार भेज रहे हैं। नाटो इन हथियारों को यूक्रेन को देगा।
दरअसल डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति बनने से पहले से ही ये दावा कर रहे थे कि अगर वह सत्ता में आए, तो रूस-यूक्रेन जंग को चंद दिनों में रुकवा देंगे। ट्रंप के पास सत्ता तो आ गई, लेकिन जंग जारी रही। ट्रंप ने पहले यूक्रेन और फिर रूस पर अलग-अलग तरीके से दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
रूस पर बयान जारी करेंगे ट्रंप
ट्रंप ने दोनों देशों के बीच शांति वार्ता में कोई प्रगति न होने पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के प्रति निराशा जाहिर की है। उन्होंने यह भी कहा कि वह सोमवार को रूस पर एक बड़ा बयान देने जा रहे हैं। हालांकि यह किस बारे में है, इसकी जानकारी ट्रंप ने नहीं दी।
एनबीसी न्यूज से ट्रंप ने कहा, 'अमेरिका नाटो को हथियार भेजेगा और नाटो उन हथियारों का हमें भुगतान करेगा। इन हथियारों को नाटो यूक्रेन को देगा, जिससे यूक्रेन रूसी बढ़त के खिलाफ बचाव कर सके।' ये हथियार कौन-कौन से होंगे, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि यूक्रेन को डिफेंसिव पैट्रियट मिसाइलें और मीडियम रेंज के अटैकिंग रॉकेट मिल सकते हैं।
30 करोड़ डॉलर के मिलेंगे हथियार
- जानकार मानते हैं कि हथियारों की कुल कीमत 30 करोड़ डॉलर तक हो सकती है। ट्रंप राष्ट्रपति की उन्हीं शक्तियों का इस्तेमाल कर यूक्रेन तक हथियार पहुंचाने वाले हैं, जिन्हें जो बाइडेन प्रयोग करते थे। जो बाइडेन को यूक्रेन का कट्टर समर्थक माना जाता था और उनके कार्यकाल में अमेरिकी भंडार से कई हथियार यूक्रेन तक पहुंचे थे।
- ट्रंप ने इसके पहले कई बार यूक्रेन को हथियार भेजने में होने वाले अमेरिकी खर्च के लिए बाइडेन की आलोचना की है। बता दें कि रूस ने यूक्रेन पर जबरदस्त हवाई हमले किए। इन हमलों में यूक्रेन में 2 लोगों की मौत हो गई और 26 लोग घायल हो गए। इन हमलों में कीव को काफी नुकसान पहुंचा है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।