Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    America: पूर्ण सूर्य ग्रहण देखने का गंवाया मौका, तो करना पड़ेगा 20 साल का इंतजार, दिन में ही छा जाएगा अंधेरा!

    By AgencyEdited By: Anurag Gupta
    Updated: Sun, 09 Apr 2023 01:23 AM (IST)

    सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच आ जाता है। इससे सूर्य का प्रकाश हम तक नहीं पहुंच पाता है। चंद्रमा भले ही सूर्य से लगभग 400 गुणा छोटा है लेकिन यह सूर्य के मुकाबले पृथ्वी के लगभग 400 गुणा करीब है। (फोटो एपी)

    Hero Image
    America: पूर्ण सूर्य ग्रहण देखने का गंवाया मौका, तो करना पड़ेगा 20 साल का इंतजार

    न्यूयार्क, एपी। अगर आपने आज तक पूर्ण सूर्य ग्रहण नहीं देखा है, तो आपके पास इसको देखने का अवसर है। हालांकि, इसके लिए आपको अमेरिका, मैक्सिको या फिर कनाडा की यात्रा करनी पड़ेगी। इन देशों में आज से ठीक एक साल बाद 8 अप्रैल, 2024 को पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस ग्रहण का प्रभाव इतना अधिक होगा कि इन देशों के ग्रहण प्रभावित हिस्से भरी दोपहर में ही अंधेरे में डूब जाएंगे। अमेरिका में इसके बाद अगला पूर्ण सूर्य ग्रहण करीब 20 साल बाद लगेगा। हालांकि, यह ग्रहण सिर्फ मोंटाना और डकोटा में ही दिखाई देगा।

    जानें इस सूर्य ग्रहण से जुड़ी तमाम बातें 

    बता दें कि अगले साल 8 अप्रैल दिन सोमवार को पूर्ण सूर्य ग्रहण उत्तरी अमेरिका के बड़े हिस्से में दिखाई देगा। नासा की भविष्यवाणी के अनुसार, यह ग्रहण प्रशांत सागर से शुरू होगा। यह स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजकर 7 मिनट पर मैक्सिको में दिखाई देगा। इसके बाद टेक्सास को पार करके दोपहर में अमेरिका के मध्य पश्चिम और उत्तर-पूर्व के कुछ हिस्सों में दिखेगा। 

    पूर्ण सूर्य ग्रहण को कुल मिलाकर 13 अमेरिकी राज्यों में देखा जा सकेगा। कनाडा के क्यूबेक और न्यूफाउंडलैंड जैसे कुछ इलाकों में भी इसकी झलक दिखाई देगी। पूर्ण सूर्य ग्रहण 115 मील चौड़ी पट्टी में दिखाई देगा। इस पथ के बाहर आंशिक सूर्य ग्रहण दिख सकता है। 

    सूर्य ग्रहण कैसे लगता है?

    सूर्य ग्रहण तब होता है, जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच आ जाता है। इससे सूर्य का प्रकाश हम तक नहीं पहुंच पाता है। चंद्रमा भले ही सूर्य से लगभग 400 गुणा छोटा है, लेकिन यह सूर्य के मुकाबले पृथ्वी के लगभग 400 गुणा करीब है। इसलिए जब तीनों एक कतार में आ जाते हैं, तो छोटा सा चंद्रमा पूरे सूर्य को अवरुद्ध कर सकता है, जो लोग बिल्कुल सामने वाले स्थानों पर होंगे, वे संपूर्ण सूर्य ग्रहण देख पाएंगे। इस दौरान चंद्रमा की छाया धरती पर पड़ती है।

    पूर्ण सूर्य ग्रहण के चलते दिन में भी रात जैसी अनभूति होगी और अंधेरा छा जाएगा। 2024 में चार मिनट तक पूर्ण सूर्य ग्रहण रहेगा। 2017 की तुलना में यह लगभग दोगुनी अवधि है।

    ग्रहण देखने की सबसे खास जगह ?

    कोलोराडो विश्वविद्यालय के एस्ट्रोनोमर डग डंकन बताते हैं कि पूर्ण सूर्य ग्रहण के अनुभव से गुजरने के लिए पहले ही योजना बनाना महत्वपूर्ण है। इसके लिए ऐसी जगह चुनी जानी चाहिए जहां मौसम साफ रहने की सर्वाधिक संभावना हो। इसके अलावा पूर्ण सूर्य ग्रहण से पहले और बाद में आंशिक चरणों को देखने के लिए आंखों पर सुरक्षात्मक चश्मा होना चाहिए। आंशिक रूप से ढके सूरज को बिना किसी चश्मे के देखने पर आंखों को क्षति पहुंच सकती है।

    बता दें कि अमेरिका में साल 2024 की बड़ी घटना से पहले छिटपुट ग्रहण होंगे। इस साल 14 अक्टूबर को कुंडलाकार ग्रहण होगा। इसमें सूर्य पूरी तरह से ढका नहीं होता है, बल्कि आकाश में आग की अंगूठी की तरह दिखाई देता है।

    इसी महीने 20 अप्रैल को दुर्लभ संकर ग्रहण होगा। यह अपने पथ के विभिन्न बिंदुओं पर कभी पूर्ण और कभी कुंडलाकार ग्रहण के बीच रूप बदलता रहेगा। हालांकि, बेहद कम लोग इसे देख पाएंगे। यह ज्यादातर हिंद महासागर के ऊपर रहेगा और केवल ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण पूर्व एशिया के कुछ छिटपुट हिस्सों को पार करेगा। अमेरिका में इसके बाद अगला पूर्ण सूर्य ग्रहण 20 वर्ष बाद आएगा।