तो क्या पृथ्वी पर इस साल नहीं लौट पाएंगी सुनीता विलियम्स? नासा ने क्यों कहा- मामला सोच से अधिक गंभीर
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर अंतरिक्ष में फंस गए हैं। अब नासा की टेंशन भी बढ़ गई है। एजेंसी नए विकल्प को तलाशने में जुट गई है। नासा के मुताबिक इस साल सुनीता विलियम्स की वापसी संभव नहीं है। अगले साल यानी 2025 तक उनकी वापसी हो सकती है। इसमें अब स्पेसएक्स के अंतरिक्ष यान की मदद ली जा सकती है।

वाशिंगटन। बोइंग स्टारलाइनर से जून में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचीं भारतवंशी सुनीता विलियम्स अब अगले वर्ष घर वापसी कर सकेंगी। नासा के अधिकारियों ने बुधवार को कहा है कि मामला पहले सोच से कहीं अधिक गंभीर हो सकता है और अंतरिक्ष यात्री शायद बोइंग वाहन पर वापस नहीं लौट सकेंगे। एजेंसी अब स्पेसएक्स के अंतरिक्ष यान से सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को पृथ्वी पर वापस लाने के लिए विकल्प तलाश रही है।
यह भी पढ़ें: 'विश्वयुद्ध के करीब दुनिया, संभाल नहीं पाएंगी' कमला हैरिस पर जमकर बरसे डोनाल्ड ट्रंप
बोइंग ने क्या कहा?
जून में उड़ान के बाद दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को आठ दिन बाद वापस लौटना था। हालांकि, हालात को देखते हुए अब इसे अगले वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। नासा और बोइंग के अधिकारियों ने पहले कहा था कि स्टारलाइनर के साथ पहली चालक दल परीक्षण उड़ान शुरू करने वाले दल के सदस्य अंतरिक्ष में फंसे नहीं थे।
दो अंतरिक्ष यात्रियों के साथ भरेगा उड़ान
विलियम्स और विल्मोर ने यहां दो महीने बिताए हैं, जबकि इंजीनियर स्टारलाइनर के कई थ्रस्टरों के दोषपूर्ण प्रदर्शन के साथ-साथ कई हीलियम लीक के डाटा का विश्लेषण कर रहे हैं। अब उन्हें वापस लाने के लिए अगला स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन कैप्सूल चार के बजाय केवल दो अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरेगा। विलियम्स और विल्मोर फिर आधे साल के प्रवास के लिए अंतरिक्ष स्टेशन चालक दल के पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल होंगे और फरवरी के आसपास क्रू ड्रैगन पर लौट आएंगे।
अभी कोई निर्णय नहीं
नासा में वाणिज्यिक क्रू कार्यक्रम के प्रबंधक स्टीव स्टिच ने कहा कि कोई निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन इस महीने के मध्य तक निर्णय लेना होगा। लांच 18 अगस्त के लिए निर्धारित था। नासा अधिकारियों और स्टारलाइनर को फैसला लेने के लिए अधिक समय देने के लिए क्रू ड्रैगन लांच को 24 सितंबर तक के लिए टाल दिया गया है।
क्या नासा बदलेगा मिशन
बोइंग के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा था कि हम अब भी स्टारलाइनर की क्षमता और इसकी उड़ान के औचित्य पर विश्वास करते हैं। अगर नासा मिशन को बदलने का निर्णय लेता है तो हम स्टारलाइनर को बिना चालक दल की वापसी के लिए कान्फिगर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।