विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका में सिख ड्राइवर पर चाकू से 17 बार हमला, ट्रंप प्रशासन की 'मिस्टर सिंह' वाली पोस्ट पर मचा बवाल

Published: Fri, 18 Sep 2026 11:05 AM (IST)

अमेरिका के वायोमिंग में एक सिख ट्रक ड्राइवर पर चाकू से 17 बार जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अमेरिका में सिख ड्राइवर को मारा गया 17 बार चाकू(फोटो: सोशल मीडिया)

अमेरिका में सिख ड्राइवर को मारा गया 17 बार चाकू(फोटो: सोशल मीडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में सिख ट्रक ड्राइवर पर जानलेवा हमले का खौफनाक मामला सामने आया है। वायोमिंग राज्य के एक रेस्ट एरिया में एक शख्स ने वाशरूम तक उनका पीछा किया और चाकू से कई वार कर दिया।

इस हमले में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित पीड़ित ने केवल अपने उपनाम सिंह से पहचान उजागर करने की गुजारिश की है।

अमेरिकी समाचार एजेंसी NPR के अनुसार, उन्होंने कहा कि वह इस हिंसा से बेहद डरे हुए हैं और समझ नहीं पा रहे हैं कि उन्हें क्यों निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि ऐसा क्यों हुआ। मुझे नहीं पता कि उन्होंने मुझ पर हमला क्यों किया।

'उन्होंने मुझे दूसरी जिंदगी दी'

सिंह ने बताया कि वहां मौजूद एक हिस्पैनिक परिवार ने उनकी मदद की और उनकी जान बचाई। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुझे दूसरी जिंदगी दी है।

गंभीर रूप से घायल सिंह को देखकर यह परिवार तुरंत मदद के लिए दौड़ा। उन्होंने सिंह के घावों को संभाला और आपातकालीन चिकित्सा सहायता के पहुंचने तक उनकी देखभाल की।

सिंह ने कहा कि उनके इस त्वरित कदम के कारण ही उनके बचने की उम्मीद जगी। बुधवार रात तक, सिंह अस्पताल में भर्ती थे और छाती, पसलियों की चोटों के साथ-साथ शरीर पर लगे कई घावों से उबर रहे थे।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

अधिकारियों ने इस चाकूबाजी के मामले में 45 वर्षीय एंड्रयू क्रिस ब्जडक को गिरफ्तार किया है। चार्जिंग दस्तावेजों के अनुसार, ब्जडक पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर के प्रयास का आरोप लगाया गया है। हालांकि, दस्तावेजों में हमले के पीछे के मकसद का कोई जिक्र नहीं है।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब कुछ ही दिन पहले अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भारी विवाद हुआ था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। इस पोस्ट में एक भारतीय ट्रक ड्राइवर का कार्टून दिखाया गया था और सिंह उपनाम का इस्तेमाल किया गया था।

पोस्ट का कैप्शन था कि हमारी सड़कों से हट जाओ। आपको गाड़ी चलानी नहीं आती मिस्टर सिंह। इसके बाद दक्षिण एशियाई समुदाय ने इसे नस्लभेदी करार दिया था।

अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने की हमले की निंदा

भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि वह इस क्रूरता से भयभीत हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि वायोमिंग रेस्ट स्टॉप पर एक सिख ट्रक ड्राइवर को 17 बार चाकू मारे जाने की क्रूर घटना से मैं स्तब्ध हूं।

यह सिख और दक्षिण एशियाई अमेरिकियों को निशाना बनाकर की जा रही नफरत के बीच हुआ है, जहां हाल ही में ट्रंप के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने भी एक नस्लवादी पोस्ट किया था। उन्होंने नफरत फैलाने वालों को रोकने और दोषियों को जवाबदेह ठहराने की मांग की।

कैलिफोर्निया के प्रतिनिधि माइक थॉम्पसन ने भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने एक्स पर कहा, "यह भयानक है। इस घटना की गहन जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार व्यक्ति को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सिंह और उनके परिवार के साथ हैं।"

यह भी पढ़ें- अमेरिका में ग्रीन कार्ड के नए नियम आज से लागू, किन-किन लोगों की बढ़ेंगी मुश्किलें; भारतीयों पर कितना असर?

यह भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट में महासंग्राम: अमेरिका ने सऊदी को दी 48 F-35 जेट्स की मंजूरी, हूती ने किया पूरे लाल सागर तट पर कब्जा

यह भी पढ़ें- अमेरिका में बड़ा सैन्य हादसा: मिशिगन में अमेरिकी वायुसेना का F-16 फाइटर जेट क्रैश, पायलट सुरक्षित