मिडिल ईस्ट में महासंग्राम: अमेरिका ने सऊदी को दी 48 F-35 जेट्स की मंजूरी, हूती ने किया पूरे लाल सागर तट पर कब्जा
हूती के साथ लड़ाई के बीच अमेरिका के विदेश विभाग ने सऊदी अरब को 24 अरब डॉलर मूल्य के 48 ...और पढ़ें

अमेरिका ने सऊदी को दी 48 F-35 जेट्स की मंजूरी (फोटो- रॉयटर)
HighLights
सऊदी अरब लंबे समय से एफ-35 खरीदना चाहता था
फिलहाल मध्य पूर्व में केवल इजरायल के पास ये जेट हैं
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। हूती के साथ लड़ाई के बीच अमेरिका के विदेश विभाग ने सऊदी अरब को 24 अरब डॉलर मूल्य के 48 एफ-35 लाइटनिंग टू लड़ाकू विमान बेचने के प्रस्ताव को अनुमति दे दी। इन विमानों की आपूर्ति लाकहीड मॉर्टिन कंपनी करेगी। इसके अतिरिक्त सौदे में 49 इंजन और अन्य उपकरण भी दिए जाएंगे।
सऊदी अरब लंबे समय से एफ-35 खरीदना चाहता था
अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा कि यह प्रस्तावित बिक्री सऊदी अरब की वर्तमान और भविष्य की धमकियों को रोकने की क्षमता बढ़ाएगी, उसकी मातृभूमि रक्षा को मजबूत करेगी और अमेरिकी बलों के साथ इंटरऑपरेबिलिटी में सुधार करेगी। यह सऊदी के ऑपरेशनल एयरक्राफ्ट को भी बढ़ाएगा और एयर-टू-एयर और एयर-टू-ग्राउंड आत्मरक्षा क्षमता को मजबूत करेगा।
सऊदी अरब लंबे समय से एफ-35 खरीदना चाहता था। फिलहाल मध्य पूर्व में केवल इजरायल के पास ये जेट हैं और इजरायली अधिकारियों ने रियाद को इसकी बिक्री पर चिंता जताई है।
स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा कि यह बिक्री क्षेत्र के सैन्य संतुलन को नहीं बदलेगी और इजरायल की सैन्य बढ़त बनाए रखने की अमेरिकी नीति के अनुरूप है।
कांग्रेस को इस प्रस्ताव की सूचना दे दी गई है, जिसके लिए अमेरिकी सांसदों की मंजूरी जरूरी होगी। डिलीवरी का समय तय नहीं किया गया है। कुछ अमेरिकी सांसदों ने चीन द्वारा तकनीक हासिल करने के खतरे का हवाला देते हुए विरोध जताया है। यह सऊदी अरब की इस साल की कई प्रमुख हथियार खरीदारियों में से एक है।
हूती का पूरे लाल सागर तट पर कब्जा
यमन के ईरान समर्थित हूती लड़ाकों और सऊदी अरब की सेना के बीच लड़ाई जारी है। गुरुवार को सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों ने हूती के ठिकानों पर दर्जनों हवाई हमले किए जबकि हूती ने सऊदी समर्थित यमन सरकार की सेना से कुछ और ठिकाने छीनकर लाल सागर से सटे देश के पूरे तटीय इलाके पर कब्जा कर लिया है।
लाल सागर के प्रवेश द्वार बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट के करीबी द्वीपों पर हूती पहले ही कब्जा कर चुका है। इस प्रकार से विश्व के सबसे अहम समुद्री मार्गों में शुमार इस रास्ते से जहाजों का आवागमन अब हूती लड़ाकों की इच्छा पर निर्भर हो गया है। हूती ने इस मार्ग से सऊदी अरब के जहाजों के गुजरने पर रोक लगा रखी है, बाकी देशों के व्यापारिक जहाजों का आवागमन सुचारु है।
लड़ाई के चलते बाधित हुई तेल आपूर्ति में सुधार की संभावना से गुरुवार को कच्चे तेल की कीमत में कमी आई है। गुरुवार को कच्चे तेल की कीमत करीब तीन प्रतिशत कम होकर 102.72 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।
बुधवार को हूती ने सऊदी अरब के अमेरिका में निर्मित एफ-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। शुक्रवार को उस विमान के टुकड़े उठाकर लड़ाके खुशी मनाते और अल्ला-हू-अकबर के नारे लगाते दिखाई-सुनाई दिए।
ड्रोन के मलबे से एक की मौत, दो घायल
हूती लड़ाकों के छोड़े गए ड्रोन को सऊदी के एयर डिफेंस ने मार गिराया है। सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने बताया है कि इस ड्रोन का मलबा लोगों पर गिरने से एक यमनी मूल के व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि एक सऊदी नागरिक और एक पाकिस्तानी मूल का व्यक्ति घायल हुआ है। ड्रोन के मलबे से भवन और वाहनों को भी नुकसान हुआ है।
