'पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा देने पर मिलता है इनाम', फिर से पड़ोसी मुल्क पर बरसे शशि थरूर; अमेरिका में दिया बड़ा बयान
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने अल-कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन को ढूंढने में मदद करने वाले डॉ. शकील अफरीदी के साथ पाकिस्तान के व्यवहार की आलोचना की है। अमेरिकी सांसद ब्रैड शेरमेन ने भी उनकी रिहाई की अपील की है। थरूर ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों को पुरस्कृत करता है और आतंकियों का पर्दाफाश करने वालों को सताता है।

आइएएनएस, वाशिंगटन। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने अमेरिका को अल-कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन को ढूंढने और उसे खत्म करने में मदद करने वाले चिकित्सक डॉ शकील अफरीदी के प्रति पाकिस्तान के व्यवहार की कड़ी आलोचना की है।
यह प्रतिक्रिया अमेरिकी सांसद ब्रैड शेरमेन के एक पोस्ट पर आई, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान से डॉ अफरीदी की रिहाई की अपील की थी। शेरमेन ने एक्स पर लिखा "मैंने पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल से कहा कि वे अपनी सरकार को बताएं कि डॉ अफरीदी को रिहा किया जाना चाहिए, जो ओसामा बिन लादेन को मारने में अमेरिका की मदद करने के लिए जेल में हैं।"
थरूर का बयान
थरूर ने कहा "ब्रैड शेरमेन ने यह स्वागत योग्य स्मरण कराया है कि पाकिस्तान वह देश है जिसने न केवल ओसामा बिन लादेन को आश्रय दिया, बल्कि उस बहादुर डॉक्टर को भी गिरफ्तार किया जिसने उसकी स्थिति की पहचान की। पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा देने पर इनाम मिलता है और आतंकियों का राजफाश करने पर सताया जाता है।"
अमेरिका गए भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने वाशिंगटन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। थरूर ने कहा "यह अद्भुत है कि कितने देशों की राजधानियों में गांधी जी की प्रतिमाएं हैं।"
प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत की ओर से चलाए गए आपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी।
पाक की आतंकी गतिविधियों से अवगत कराया
एएनआइ के अनुसार, सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहीं भाजपा सांसद दग्गुबाती पुरंदेश्वरी ने कहा कि उन्होंने यूके, फ्रांस, इटली, जर्मनी, डेनमार्क और बेल्जियम सहित छह देशों का दौरा किया।
उन्होंने बताया कि हर जगह भारत की आतंकवाद के खिलाफ लंबी लड़ाई के प्रति सहानुभूतिपूर्ण प्रतिक्रिया मिली। उन्होंने कहा "हमने छह देशों का दौरा किया और वहां सरकारी अधिकारियों, सांसदों, मंत्रियों और भारतीय प्रवासी समुदाय से मुलाकात की। हर जगह भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को समझा गया।"
पाकिस्तान को किया बेनकाब
पुरंदेश्वरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान के आतंकवाद को समझता है और भारत के रुख का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि हमने पाकिस्तान को आतंकवादी राज्य घोषित करने की मांग की है।
भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कई यूरोपीय देशों के दौरे के बाद रविवार को भारत लौटा।
प्रसाद ने कहा कि हमने वहां वरिष्ठ नेताओं, थिंक-टैंक और भारतीय समुदाय से मुलाकात की। वहां भी पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर काफी गुस्सा है और सभी ने इसकी निंदा की है। वहां हमने आतंकवाद के खिलाफ 'जीरो टालरेंस' की भारत की नीति को स्पष्ट किया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।