कीव और चार्निहीव से रूसी सैनिक वापसी लेकिन लड़ाई जारी, तेल का गोदाम उड़ाए जाने के बाद रूस ने मारीपोल जा रही सहायता रोकी
समाचार एजेंसी रायटर की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन के हेलीकाप्टरों ने रूस में घुसकर सीमावर्ती शहर बेलगोरोद पर हमला किया। इस हमले में तेल के गोदाम को बर्बाद कर दिया गया है। इस बीच जेलेंस्की ने सेना को आगाह किया है।
कीव, रायटर। रूसी हमले के 37 वें दिन शुक्रवार को यूक्रेन ने पलटवार किया। यूक्रेन के दो हेलीकाप्टरों ने रूस में घुसकर सीमावर्ती शहर बेलगोरोद पर हमला किया और वहां के तेल गोदाम को बर्बाद कर दिया। हेलीकाप्टरों से हुई फाय¨रग में दो लोग घायल भी हुए हैं। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद रूस पर यह पहला विदेशी हमला है। रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि इस घटना से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ेगा और बातचीत से शांति स्थापित होने की संभावना कमजोर होगी। घटना के बाद रूसी सैनिकों ने मारीपोल जा रही 14 टन खाद्य सामग्री रोक दी।
कीव के बाहरी इलाके में लड़ाई जारी
इस बीच राजधानी कीव और चार्निहीव से रूसी सैनिकों की वापसी की खबर है लेकिन कीव के मेयर के अनुसार राजधानी के उत्तर-पूर्वी इलाके में लड़ाई जारी है। बेलगोरोद इलाके के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लादकोव के अनुसार कम ऊंचाई पर उड़ रहे यूक्रेन के दो हेलीकाप्टरों ने रूसी सीमा के करीब 35 किलोमीटर अंदर आकर रूसी तेल कंपनी रोजनेफ्ट के तेल गोदाम को नष्ट कर दिया।
जेलेंस्की ने सेना को किया आगाह
इस बीच यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया है कि राजधानी कीव और चार्निहीव शहरों के नजदीक से रूसी सैनिकों की संख्या कम हुई है। कब्जे में आए इरपिन कस्बे में यूक्रेनी सैनिकों को 13 नागरिकों के शव मिले हैं, जो कई दिन पुराने हो सकते हैं। रूस ने इस्तांबुल में हुई वार्ता में इन दोनों शहरों पर हमले कम करने की घोषणा की थी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देश की सेना और सुरक्षा में लगे लोगों को आगाह किया है कि उत्तर और मध्य इलाकों से रूसी सेना की वापसी रणनीतिक कारणों से हो रही है।
जेलेंस्की दो जनरलों का रैंक घटाया
रूस अब यूक्रेन के दक्षिण-पूर्व इलाकों में अपनी स्थिति मजबूत कर वहां पर कब्जा करना चाह रहा है। जेलेंस्की ने यूक्रेनी सेना के दो जनरलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी रैंक कम कर दी हैं। इनमें से एक जनरल के पास खेरसोन शहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी। खेरसोन रूसी कब्जे में जाने वाला पहला प्रमुख शहर था।
आस्ट्रेलिया करेगा मदद
राष्ट्रपति जेलेंस्की के अनुरोध पर आस्ट्रेलिया बख्तरबंद सैन्य वाहन बुशमास्टर यूक्रेन भेजेगा। जेलेंस्की ने गुरुवार को आस्ट्रेलिया से बख्तरबंद वाहनों और कुछ अन्य सैन्य मदद देने का अनुरोध किया था।
रूस और यूक्रेन के बीच आनलाइन वार्ता
एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक तुर्की के इस्तांबुल शहर में मंगलवार को हुई आमने-सामने की वार्ता के बाद शुक्रवार को रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों ने आनलाइन वार्ता की। दोनों देशों के बीच यह वार्ता रूस के बेलगोरोद शहर के तेल गोदाम पर यूक्रेनी हमले के बाद हुई है। इस हमले के बाद रूसी सेना ने मारीपोल जा रही खाद्य सामग्री रोक दी लेकिन वहां से आम नागरिकों को निकलने दिया। रूसी सेना की घेराबंदी वाले मारीपोल में डेढ़ लाख से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं।
वापस यूक्रेन के कब्जे में आया चेर्नोबिल
यूक्रेन के चर्चित चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र को रूसी सैनिकों ने शुक्रवार सुबह पूरी तरह से खाली कर दिया। अब संयंत्र पर पूर्व की भांति यूक्रेन के कब्जे में आ गया है और उसके अधिकारियों ने वहां पर कार्य करना शुरू कर दिया है। 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमले के अगले ही दिन रूसी सेना ने चेर्नोबिल पर कब्जा कर लिया था।
काम नहीं कर रहे रिएक्टर
दुर्घटना के बाद से इस संयंत्र में रिएक्टर कार्य नहीं कर रहे हैं। लेकिन वहां पर रेडियोएक्टिव तत्वों का बड़ी मात्रा में कबाड़ मौजूद है। इसलिए यह संयंत्र खतरनाक बना हुआ है। यूक्रेन की सरकारी बिजली कंपनी इनरगोटम ने कहा है कि विकिरण के शिकार होने के बाद रूसी सैनिकों ने चेर्नोबिल छोड़ा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।