विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Nvidia के CEO से जुड़े जासूसी मामले की जांच शुरू, अब तक क्या-क्या हुआ?

Published: Wed, 11 Nov 2026 05:16 PM (IST)

एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग के खिलाफ कथित जासूसी साजिश और चीनी एजेंट से अफेयर के आरोपों की जांच शुरू हो गई है।

Nvidia के CEO से जुड़े जासूसी मामले की जांच शुरू। (रॉयटर्स)

Nvidia के CEO से जुड़े जासूसी मामले की जांच शुरू। (रॉयटर्स)

HighLights

  1. एनवीडिया सीईओ जेनसेन हुआंग पर जासूसी साजिश के आरोप।

  2. हुआंग ने चीनी एजेंट से एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर स्वीकारा।

  3. एनवीडिया बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू की।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। एक कथित जासूसी साजिश के गंभीर आरोपों के बाद, Nvidia के CEO जेनसेन हुआंग के एक ऐसी महिला के साथ संबंधों की जांच शुरू हो गई है, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि वह चीनी सरकार की एजेंट हो सकती है।

हुआंग ने स्वीकार किया कि उनका एक्ट्रा मैरिटल अफेयर था। उन्होंने यह भी माना कि इस रिश्ते और इससे जुड़ी राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंताओं के कारण Nvidia के बोर्ड को जांच शुरू करनी पड़ी। उन्होंने या उनकी चिप बनाने वाली कंपनी ने इस महिला का नाम नहीं बताया, लेकिन 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने उसकी पहचान एक बिजनेस एग्जीक्यूटिव और चीनी नागरिक ऐलिस हुआंग के रूर में की है। अखबार के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि वह बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रही थी।

चीन के विदेश मंत्रालय ने जासूसी के इन आरोपों को खारिज कर दिया है। सोमवार को मंत्रालय ने कहा कि यह केवल एक बदनाम करने की साजिश है।

कई सवालों के जवाब अभी भी नहीं मिले हैं। लेकिन इस स्कैंडल ने Nvidia में हलचल मचा दी है। कंपनी की हाई-एंड चिप्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास में सबसे महत्वपूर्ण आधार बन गई हैं। खुद हुआंग भी AI की दौड़ में एक प्रमुख चेहरा बन गए हैं। न केवल पूरी इंडस्ट्री में, बल्कि अक्सर वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी के रूप में भी देखे जाते हैं।

ट्रंप ने कहा कि FBI भी इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हुआंग की तारीफ की है। इस बीच, Nvidia और उसके CEO को एक मुकदमे का भी सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि कंपनी ने इस रिश्ते के बारे में पूरी जानकारी न देकर निवेशकों को गुमराह किया है। आइए जानते हैं कि अब तक क्या जानकारी सामने आई है।

अपनी जांच के बारे में Nvidia का क्या कहना है?

रविवार को Nvidia ने घोषणा की कि उसका बोर्ड इस मामले की एक स्वतंत्र जांच शुरू कर रहा है। कैलिफोर्निया स्थित इस कंपनी ने हाल ही में आई उन खबरों का हवाला दिया, जिनमें कहा गया था कि हुआंग विदेशी खुफिया एजेंसियों के निशाने पर थे।

Nvidia के बोर्ड का कहना है कि उनके पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय रहस्यों से कोई समझौता हुआ है, लेकिन जांच के दौरान सभी उपलब्ध जानकारियों की समीक्षा की जाएगी। कंपनी ने यह भी कहा कि हुआंग CEO बने रहेंगे और उन्होंने जांच में पूरा सहयोग देने का वादा किया है।

इसके बाद से Nvidia की ओर से कोई खास अपडेट नहीं आया है। सप्ताहांत में, कंपनी के प्रवक्ता जॉन रिजो ने कहा कि इन खबरों से Nvidia की गति धीमी नहीं होगी।

जेनसेन हुआंग ने अपने संबंधों के लिए माफी मांगी

Nvidia के कर्मचारियों को भेजे गए एक अलग ईमेल में, जिसे बाद में कंपनी ने भी सार्वजनिक किया, हुआंग ने अपने संबंधों के लिए माफी मांगी है। हुआंग ने लिखा कि मैंने अपनी पत्नी को धोखा दिया। मेरे कामों से उसे और हमारे बच्चों को बहुत दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का बहुत अफसोस है और उनके सहकर्मी भी उनसे बेहतर व्यवहार के हकदार हैं।

हुआंग ने बोर्ड की जांच के प्रति अपना समर्थन भी दोहराया। उन्होंने कहा कि मैं अपने देश और अपनी कंपनी से प्यार करता हूं। मैं Nvidia की सुरक्षा करने और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हूं। समय-सीमा अभी भी स्पष्ट नहीं है। यह साफ नहीं है कि हुआंग का यह अफेयर कितने समय तक चला और यह रिश्ता असल में कब खत्म हुआ।

ऐलिस हुआंग, जिन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है, सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड इंटरनेशनल' की पूर्व एग्जीक्यूटिव रह चुकी हैं। यह कंपनी अपनी वेबसाइट पर एनवीडिया के साथ अपनी साझेदारी का विशेष रूप से जिक्र करती है। पिछले साल, मेगास्पीड पर आरोप लगे थे कि वह एनवीडिया की एडवांस्ड कंप्यूटर चिप्स को अवैध रूप से चीन भेज रही थी, लेकिन दिसंबर में कंपनी ने कहा कि इसके कोई सबूत नहीं हैं।

चीन ने जासूसी के आरोपों को खारिज किया

चीन ने इस बात से इनकार किया है कि उसने Nvidia के CEO को फंसाने की कोई कोशिश की है। सोमवार को एक नियमित ब्रीफिंग के दौरान, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन पर लगाए गए तथाकथित जासूसी के आरोप बेबुनियाद हैं। यह चीन को बदनाम करने की एक कोशिश के अलावा कुछ नहीं है।

वाशिंगटन के साथ हुआंग के संबंध

AI के क्षेत्र में मशहूर होने के साथ-साथ हुआंग के, राष्ट्रपति ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल के दौरान उनके साथ करीबी संबंध रहे हैं। वह उन टेक CEO में से एक हैं, जिन्होंने व्हाइट हाउस में डिनर किया है और यहां तक कि 'एयर फोर्स वन' में यात्रा भी की है।

ट्रंप ने हुआंग को स्मार्ट और अद्भुत बताया है, और कई बार जोर देकर कहा है कि वह उनके साथ विदेशी दौरों पर चलें। एनवीडिया की जांच की खबर सामने आने के बाद भी, उन्होंने CEO की तारीफ करना जारी रखा।

यह भी पढ़ें- Nvidia केस में मेगास्पीड की एंट्री, चीन से सिंगापुर और अमेरिका तक नेटवर्क कैसे कर रहा काम? Inside Story

यह भी पढ़ें- जासूसी कांड और अफेयर विवाद के बीच ऑफिस पहुंचे Nvidia के CEO जेन्सन हुआंग, बंद कमरे में स्टाफ से मांगी माफी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।