Move to Jagran APP

अमेरिका: ह्यूस्टन में शूटर ने बिल्डिंग में आग लगाने के बाद लोगों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग; 4 की मौत; 2 घायल

अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में एक शूटर ने बिल्डिंग में आग लगाने के बाद लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे 4 लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। शहर पुलिस प्रमुख ट्राय फिनर ने यह जानकारी दी।

By Achyut KumarEdited By: Mon, 29 Aug 2022 08:09 AM (IST)
अमेरिका: ह्यूस्टन में शूटर ने बिल्डिंग में आग लगाने के बाद लोगों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग; 4 की मौत; 2 घायल
अमेरिका के ह्यूस्टन में गोलीबारी में चार लोगों की मौत (फोटो- एएनआइ)

ह्यूस्टन, एजेंसी। ह्यूस्टन शहर पुलिस प्रमुख ट्राय फिनर (Houston City Police Chief Troy Finner) के अनुसार, रविवार सुबह (स्थानीय समय) एक व्यक्ति ने एक इमारत में आग लगा दी और फिर भाग रहे लोगों को गोली मार दी। इससे चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।

सीएनएन ने बताया कि एक संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए, पुलिस प्रमुख ने बताया कि मारे गए चार लोगों में से एक संदिग्ध था। संदिग्ध को बाद में ह्यूस्टन के एक पुलिस अधिकारी ने मार गिराया था।

संदिग्ध ने लोगों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

फिनर के अनुसार, मारे गए सभी लोग पुरुष थे और उनकी उम्र 40-60 के बीच थी। उन्होंने बताया कि संदिग्ध ने सबसे पहले बिल्डिंग में आग लगा दी। इसके बाद उसने लोगों के बाहर आने का इंतजार किया और फिर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। 

पुलिस अधिकारी के अनुसार, दमकल विभाग आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचा, लेकिन गोलियों की आवाज सुनकर उसे पीछे हटना पड़ा। फिनर ने कहा संदिग्ध एक 40 वर्षीय अफ्रीकी अमेरिकी व्यक्ति था, जिसने काले कपड़े पहने थे।

मैरीलैंड में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत

पिछले हफ्ते, अमेरिकी राज्य मैरीलैंड में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और छह अन्य घायल हो गए थे। पुलिस ने कहा कि एक पीड़ित ने दम तोड़ दिया और चिकित्सा कर्मियों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित सभी वयस्क पुरुष हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि संदिग्ध वाहन 4-दरवाजे वाली सिल्वर लेक्सस सेडान है।

बाल्टीमोर पुलिस ने फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा, '24 अगस्त, 2022 को दोपहर लगभग 12:24 बजे, नार्थवेस्ट डिस्ट्रिक्ट के अधिकारियों को एक कथित गोलीबारी की जांच के लिए शर्ली एवेन्यू और पार्क हाइट्स एवेन्यू के चौराहे पर बुलाया गया था।'

फाक्स न्यूज के अनुसार, इससे पहले एक व्यक्ति ने देर रात अपनी कार में आग लगा दी और यूएस कैपिटल बैरिकेड्स में घुस गया। अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर खुद को गोली मार ली।