OpenAI की दर्जनों बैठकों की गुपचुप हुई रिकार्डिंग, पूर्व इंजीनियर गिरफ्तार
ओपनएआई के एक पूर्व इंजीनियर अब्दुलरहमान अल्फोजान पर कंपनी की दर्जनों गोपनीय बैठकों को गुप्त रूप से रिकॉर्ड करने का आरोप लगा है।

पूर्व इंजीनियर पर गोपनीय बैठकों की रिकॉर्डिंग का आरोप (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
पूर्व इंजीनियर पर गोपनीय बैठकों की रिकॉर्डिंग का आरोप
सैकड़ों ऑडियो फाइलें कंप्यूटर से बरामद, संवेदनशील जानकारी मिली
अब्दुलरहमान अल्फोजान ने खुद को निर्दोष बताया है
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी ओपनएआइ के एक पूर्व इंजीनियर पर कंपनी के भीतर छिपा रिकार्डिंग उपकरण लगाकर दर्जनों गोपनीय बैठकों की आवाज रिकार्ड करने का आरोप लगा है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार, अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने सोमवार को अदालत में दाखिल दस्तावेजों में दावा किया कि अब्दुलरहमान अल्फोजान ने कंपनी के कर्मचारियों, ग्राहकों और विदेशी सरकार के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठकों की रिकार्डिंग की।
इनमें कम से कम एक बैठक ओपनएआइ और एक विदेशी सरकार के प्रतिनिधियों के बीच हुई थी। हालांकि, उस सरकार की पहचान उजागर नहीं की गई है।
अभियोजकों के मुताबिक, 35 वर्षीय अल्फोजान के निजी कंप्यूटर से सैकड़ों आडियो फाइलें मिली हैं। इन्हें तारीख के हिसाब से अलग-अलग फोल्डरों में रखा गया था।
इनमें गोपनीय कारोबारी जानकारियों के अलावा कुछ ऐसी बातचीत भी शामिल है, जिसे ओपनएआइ ने वकील और मुवक्किल के बीच विशेषाधिकार प्राप्त संवाद बताया है। रिकार्डिंग आठ से 28 सितंबर के बीच 15 फोल्डरों में की गई थीं। इनमें 12 दिन कंपनी के कार्यकारी सम्मेलन कक्ष में हुई बैठकों की रिकार्डिंग शामिल है।
अभियोजकों ने अल्फोजान की मुकदमे से पहले जेल से रिहाई का विरोध करते हुए कहा कि अभी यह जांच की जा रही है कि रिकार्डिंग किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा की गई थीं या नहीं।
हालांकि, अभियोजन पक्ष ने पहले अदालत में स्वीकार किया था कि उन्हें जासूसी, व्यापारिक रहस्य चुराने या किसी विदेशी सरकार के एजेंट के रूप में काम करने का कोई सुबूत नहीं मिला है।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, अल्फोजान ने रिकार्डिंग उपकरण तैयार करने और आवाज पहचानने की सुविधा जोड़ने के लिए अपनी पत्नी के अकाउंट से कोडेक्स का इस्तेमाल किया। पांच अक्टूबर को उन्होंने ओपनएआई और दूसरी कंपनी के बीच रणनीतिक साझेदारी से जुड़े गोपनीय दस्तावेजों के प्रत्येक पन्ने की तस्वीर भी ली।
अल्फोजान सऊदी नागरिक और अमेरिका के स्थायी निवासी हैं। उन पर अवैध रूप से बातचीत रिकार्ड करने का एक आरोप है। उन्होंने खुद को निर्दोष बताया है। अभियोजकों ने सऊदी अधिकारियों के साथ उनके संपर्कों और रियाद जाने की योजना को भी संदिग्ध गतिविधियों से जोड़ा है।
छह अक्टूबर को सऊदी शाही परिवार के एक सदस्य ने उन्हें रियाद की एआई कंपनी इकेलोन से जुड़ने का प्रस्ताव भेजा था। अल्फोजान ने आइपीओ के बाद वहां जाने की संभावना जताई थी। गिरफ्तारी से एक रात पहले उन्होंने एक सऊदी अधिकारी से 16 मिनट तक वाट्सएप पर बातचीत की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।