पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव: अमेरिका ने लगाए नए बैंकिंग प्रतिबंध, ईरान का बातचीत से इनकार
अमेरिका ने ईरान के वित्तीय नेटवर्क पर नए प्रतिबंध लगाए हैं, जिसे 'ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट' कहा गया है, जबकि ईरान ने अमेरिकी दबाव के आगे झुकने से इनकार कर दिया है।

अमेरिका ने ईरान के वित्तीय नेटवर्क पर नए प्रतिबंध लगाए हैं (डोनल्ड ट्रंप, मोजताबा खामेनेई, फाइल फोटो)
HighLights
अमेरिका ने ईरान के वित्तीय नेटवर्क पर नए प्रतिबंध लगाए हैं
ईरान ने अमेरिकी दबाव के आगे झुकने से साफ इनकार किया
समुद्री माइंस की चपेट में आने से तीन तेल टैंकरों में आग
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। एक ओर अमेरिका ने ईरान के वित्तीय नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए नए प्रतिबंध लगाए हैं, तो दूसरी ओर तेहरान ने अमेरिकी दबाव के आगे झुकने से साफ इनकार कर दिया है।
अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने दावा किया है कि प्रतिबंधों से ईरान की अर्थव्यवस्था डूबने के कगार पर है और वहां का नेतृत्व घबराया हुआ है।
अमेरिकी वित्त विभाग ने सोमवार को 'ऑपरेशन इकोनमिक आउटकास्ट' के तहत ईरान के दो दर्जन एक्सचेंज हाउस, मुखौटा कंपनियों और उनसे जुड़े प्रमुख लोगों पर प्रतिबंध लगाए।
अमेरिका का आरोप है कि ईरान तेल से होने वाली घटती कमाई के बीच अंतरराष्ट्रीय वित्तीय लेनदेन के लिए ऐसे गुप्त नेटवर्क का सहारा ले रहा है। बेसेंट ने इसे ईरानी नेतृत्व की आखिरी वित्तीय जीवनरेखा बताते हुए कहा कि अमेरिका इस नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी रखेगा।
गलीबाफ ने कहा, सात शर्तें माने बिना बातचीत नहीं
ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघर गलीबाफ ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों को बेबसी का संकेत बताया।
उन्होंने कहा कि जब तक ईरान की सात शर्तें स्वीकार नहीं की जातीं, तब तक बातचीत या किसी तरह की पहल का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान पर किसी भी हमले का व्यापक और कड़ा जवाब दिया जाएगा।
इस बीच, विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान के विशाल भौगोलिक क्षेत्र और पड़ोसी देशों के साथ मजबूत सीमा संपर्क के कारण उसकी जमीनी नाकेबंदी करना लगभग असंभव है।
यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ने ईरान के सैन्य आपूर्ति नेटवर्क पर रोक लगाने के लिए 'टास्क फोर्स आयरन गेट' बनाई है।
समुद्री माइंस की चपेट में आए तीन तेल टैंकर
तनाव का असर समुद्र में भी दिखाई दे रहा है। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड की नौसेना ने दावा किया है कि समुद्री माइंस की चपेट में आने से तीन तेल टैंकरों में विस्फोट के बाद आग लग गई। वहीं, ईरानी सेना प्रमुख आमिर हातमी ने चेतावनी दी कि होर्मुज स्ट्रेट में विरोधियों के लिए हालात और कठिन होते जाएंगे।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।