Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Chandrayaan 3: भारत के सफल 'चंद्रयान' मिशन को दुनिया भर ने सराहा, US और पाकिस्तान के लोगों ने दी ISRO को बधाई

    By AgencyEdited By: Mohd Faisal
    Updated: Thu, 24 Aug 2023 12:37 AM (IST)

    Chandrayaan 3 भारत के चंद्रयान मिशन की सफलता को लेकर विश्व भर में उत्साह है। US पाकिस्तान से लेकर खाड़ी देशों के लोगों ने ISRO को बधाई दी। यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) के अध्यक्ष और सीईओ मुकेश अघी ने कहा कि यह भारत के लोगों के लिए ऐतिहासिक क्षण है। इस्लामाबाद के निवासी अयूब अख्तर ने कहा कि भारत आगे बढ़ रहा है और हम कहीं नहीं हैं।

    Hero Image
    Chandrayaan 3: भारत के सफल 'चंद्रयान' मिशन को दुनिया भर ने सराहा (फोटो पीटीआई)

    वाशिंगटन, पीटीआई। भारत के चंद्रयान मिशन की सफलता को लेकर विश्व भर में उत्साह है। यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) के अध्यक्ष और सीईओ मुकेश अघी ने कहा कि यह भारत के लोगों के लिए ऐतिहासिक क्षण है। यह भारत को उभरती शक्ति के रूप में दर्शाता है, जो दुनिया के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि दुनिया युद्ध, गरीबी, जलवायु परिवर्तन और भूख से जूझ रही है। भारत इन चुनौतियों को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एपेक्स एडवाइजर्स सिंगापुर के अध्यक्ष गिरिजा पांडे ने कहा कि वह इसरो की इस शानदार उपलब्धि से खुश हैं।

    भारत के सफल मिशन को दुनिया भर ने सराहा

    यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम में कार्यरत डॉ. लिआ नानी अल्कोनसेल ने कहा कि इस जटिल प्रयास को मूर्तरूप होते देखना रोमांचक क्षण था। मिशन के समर्पित विशेषज्ञों और टीमों को बहुत-बहुत बधाई। मिशन के निष्कर्ष चांद के दक्षिणी ध्रुव के बारे में हमारी समझ को बढ़ाएंगे। यह वास्तव में आश्चर्यजनक है कि भारत इसे हासिल करने वाला पहला देश है।

    भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ यूके ने इसरो की सफलता को बताया खास

    वहीं, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (आइएनएसए) यूके के प्रवक्ता ने कहा कि इसरो की सफलता न केवल आत्मविश्वास पैदा करेगी, बल्कि नई पीढ़ी को बड़ा सोचने और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। डायस्पोरा ग्रुप फ्रेंड्स ऑफ इंडिया सोसाइटी इंटरनेशनल यूके ने कहा कि यह विज्ञान के क्षेत्र में प्रगति के प्रति भारत के अटूट समर्पण का प्रमाण है।

    अमेरिकी भारतीयों ने जताई चंद्रयान-3 की सफलता पर खुशी

    टेक्सास के उद्यमी अरुण अग्रवाल ने कहा कि पूर्ण स्वदेशी परियोजना की सफल लैंडिंग ऐसी उपलब्धि है जिस पर न केवल भारतीयों बल्कि पूरी दुनिया को गर्व होना चाहिए। कैलिफोर्निया में रहने वाले अजय जैन भूटोरिया ने कहा कि यह उपलब्धि अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने के लिए भारत के समर्पण को बताती है।

    वाशिंगटन में रहने वाले भारतीय अमेरिकी चिकित्सक डॉ. सुरेश गुप्ता ने कहा कि यह मेरी मातृभूमि भारत के लिए महत्वपूर्ण दिन है। वाशिंगटन डीसी स्थित थिंक टैंक फाउंडेशन फॉर इंडिया एंड इंडियन डायस्पोरा स्टडीज के प्रमुख खंडेराव ने कहा कि उन्हें भारत की इस उपलब्धता पर गर्व है।

    पाकिस्तान के लोगों ने भी की प्रशंसा

    इसरो के वैज्ञानिकों के इस कारनामे की प्रशंसा पाकिस्तान में भी हो रही है। चंद्रयान-3 मिशन का पड़ोसी देश के आम लोग प्रशंसा कर रहे हैं। इस्लामाबाद के निवासी अयूब अख्तर ने कहा कि भारत आगे बढ़ रहा है और हम कहीं नहीं हैं। वहीं, कराची की शमीना बेगम ने कहा कि भारत विज्ञान और प्रौद्योगिकी में उनसे काफी आगे निकल गया है। पाकिस्तान उच्च मुद्रास्फीति और आंतरिक संघर्षों के बीच भोजन और शिक्षा जैसी बुनियादी चीजों के लिए संघर्ष कर रहा है।

    खाड़ी देशों में भी दिखी खुशी

    भारत की सफलता को लेकर खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीय भी खुशी से झूम उठे। औद्योगिक मशीनरी व्यवसाय सलाहकार (तेल और गैस) अकीफ नईम ने कहा कि मिशन ने हर भारतीय के सपनों को ऊंचा उठाया है। एवियोनिक्स पर्यवेक्षक और पूर्व एयर इंडिया सर्विस इंजीनियर मोहम्मद इकबाल आबिद ने कहा कि पिछले मिशन की तुलना में गड़बड़ी में सुधार किया गया था।

    वैज्ञानिक डॉ. तौसीफ हुसैन ने कहा कि चंद्रयान सिर्फ एक लक्ष्य मिशन नहीं है, यह रहस्यमय सौर मंडल की खोज है। इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कम्पैटिबिलिटी टेस्ट इंजीनियर रजी खान ने कहा कि आज की उपलब्धि सौर मंडल को और बेहतर ढंग से समझने की भारत की खोज को आगे बढ़ाएगी। बैंकर सरोश आसिफ ने इस सफलता की खुशी मशहूर गीत चलो दिलदार चलो, चांद के पार चलो के माध्यम से प्रस्तुत की।

    comedy show banner
    comedy show banner