Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    West Bengal: एनआइए ने भाकपा माओवादी के प्रमुख सदस्य को बंगाल से किया गिरफ्तार

    By Sumita JaiswalEdited By:
    Updated: Tue, 20 Sep 2022 06:16 PM (IST)

    भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) (माओवादी) के एक प्रमुख सदस्य को असम में इस प्रतिबंधित संगठन की इकाइयां स्थापित करने के मामले में एनआइए ने बंगाल से गिरफ्तार किया है। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआइए) के प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

    Hero Image
    कल्याणी एक्सप्रेसवे पर माहिसपोटा से किया गया गिरफ्तार। सांकेतिक तस्‍वीर।

    कोलकाता, राज्य ब्यूरो। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) (माओवादी) के एक प्रमुख सदस्य को असम में इस प्रतिबंधित संगठन की इकाइयां स्थापित करने के मामले में एनआइए ने बंगाल से गिरफ्तार किया है। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआइए) के प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपित सम्राट चक्रवर्ती उर्फ नीलकमल सिकदर को कल्याणी एक्सप्रेसवे पर नारायण स्कूल के निकट माहिसपोटा से गिरफ्तार किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर 24 परगना जिले के सेठ बागान रोड के रहने वाले चक्रवर्ती (37) को अमित, अरघा, निर्मल और निर्माण के नाम से भी जाना जाता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एनआइए के अनुसार, यह मामला बंगाल में माओवादियों के प्रमुख नेता अरुण कुमार भट्टाचार्जी उर्फ ज्योतिष उर्फ कबीर उर्फ कनक उर्फ कंचन दा की गिरफ्तारी से जुड़ा है। प्रवक्ता ने बताया कि भट्टाचार्जी भाकपा (माओवादी) का एक विचारक एवं रणनीतिकार है और केंद्रीय समिति का सदस्य है। उन्होंने बताया कि भट्टाचार्जी को असम में भाकपा (माओवादी) संगठन की स्थापना करने और राज्य में इसका प्रसार करने का काम सौंपा गया था। एजेंसी ने दो सितंबर को गुवाहाटी में एनआइए की विशेष अदालत में भट्टाचार्जी सहित छह गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। मामले में आगे की जांच से पता चला कि आरोपित चक्रवर्ती बंगाल में स्थित भाकपा (माओवादी) संगठन का एक सक्रिय सदस्य है। वह भाकपा (माओवादी) संगठन के शीर्ष नेताओं और गिरफ्तार आरोपित भट्टाचार्जी के बीच गुप्त संचार का माध्यम था।

    भट्टाचार्जी असम में अपने ठिकाने से काम कर रहा था। प्रवक्ता ने बताया कि चक्रवर्ती पार्टी के पूर्वी क्षेत्रीय ब्यूरो के विशेष निर्देशों पर पूर्वोत्तर राज्यों में भाकपा (माओवादी) संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में भट्टाचार्जी की सहायता के लिए कई बार असम के कछार जिले गया था। एनआइए चक्रवर्ती से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है। इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मानी जा रही है।