Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    बंगाल: सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर से मारपीट, दुष्कर्म की धमकी; अब तक 3 गिरफ्तार

    Updated: Wed, 22 Oct 2025 10:00 PM (IST)

    हावड़ा के उलबेडिया में एक सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर से मारपीट और दुष्कर्म की धमकी के मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया, जिसके दौरान पुलिस से झड़प भी हुई। पुलिस ने पहले ही दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोप है कि डॉक्टर को मरीज के परिजनों ने धमकी दी थी।

    Hero Image

    सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर से मारपीट और दुष्कर्म की धमकी के मामले में एक और गिरफ्तार

    राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। हावड़ा जिले के उलबेडिया स्थित सरकारी शरत चंद्र चट्टोपाध्याय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में एक जूनियर महिला डाक्टर के साथ कथित मारपीट और दुष्कर्म की धमकी के मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित की पहचान शेख सम्राट के रूप में हुई है और उसे मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया गया। इसी के साथ सोमवार को हुई इस घटना के सिलसिले में अब तक कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

    होमगार्ड और उसके पड़ोसी को किया था गिरफ्तार

    इससे पहले, डाक्टर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर एक ट्रैफिक होमगार्ड और उसके पड़ोसी को गिरफ्तार किया गया था। इधर, इस घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को उलबेडिया में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। महिला डाक्टर के साथ मारपीट और दुष्कर्म की धमकी की घटना के विरोध में भाजपा ने ग्रामीण एसपी कार्यालय के घेराव अभियान का आह्वान किया था।

    भाजपा कार्यकर्ताओं ने झंडा लहराने की कोशिशी की

    पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेड्स लगा दिए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड्स को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। हालांकि बड़ी संख्या में तैनात पुलिस बल और रैफ के जवानों ने उन्हें रोक दिया। कुछ भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड्स के उपर चढ़कर पार्टी के झंडे लगहराने की भी कोशिश की, जिन्हें रैफ ने रोक दिया। इस दौरान पुलिस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। भाजपा ने दावा किया कि घटना में उसके दो कार्यकर्ता घायल हो गए। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।

    महिला डॉक्टर को थप्पड़ मारने का आरोप

    एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार दोपहर खारिया मायापुर निवासी की एक गर्भवती महिला के अस्पताल में भर्ती होने के बाद घटी थी। शाम को नियमित जांच के दौरान, जूनियर डाक्टर मरीज की स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण पूरी तरह से शारीरिक जांच नहीं कर पाई। मरीज के होमगार्ड रिश्तेदार और दो अन्य लोगों ने डाक्टर से मरीज की हालत के बारे में पूछताछ की। इसके बाद बहस हुई। आरोप है कि उसी दौरान महिला डाक्टर को कथित तौर पर थप्पड़ मारा गया, उनका हाथ मरोड़ा गया और गालियां दी गईं। महिला डाक्टर की शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने उन्हें दुष्कर्म करने की धमकी भी दी और अस्पताल परिसर से बाहर जाने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।