'लड़कियों को रात में नहीं घूमना चाहिए', दुर्गापुर गैंगरेप के बाद ममता बनर्जी ने क्या-क्या कहा?
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि बंगाल ऐसे अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस रखता है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा और छात्राओं से रात में बेवजह बाहर न घूमने की अपील की। ममता ने दोषियों को सख्त सजा देने का आश्वासन दिया और अन्य राज्यों में दुष्कर्म पीड़ितों के साथ होने वाले व्यवहार पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने सवाल किया कि रात 12.30 बजे छात्रा कॉलेज परिसर के बाहर कैसे निकली? (फोटो: एएनआई)
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। दुर्गापुर में निजी मेडिकल कॉलेज के बाहर ओडिशा की द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को दुख व्यक्त किया और कहा कि बंगाल ऐसे अपराधों के प्रति जीरो टालरेंस रखता है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया है कि जिस निजी मेडिकल कॉलेज में छात्रा पढ़ रही थी, उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी उस संस्थान की है।
ममता ने साथ ही कहा कि लड़कियों को रात में बेवजह खुलेआम नहीं घूमना चाहिए। बाढ़ प्रभावित उत्तर बंगाल के दौरे पर रवाना होने से पहले कोलकाता हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में ममता ने कहा कि छात्रा एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ रही थी। उन्होंने सवाल किया कि रात 12.30 बजे छात्रा कॉलेज परिसर के बाहर कैसे निकली?
'बाहर जाने की इजाजत कैसे मिली?'
ममता ने कहा कि उन्हें रात में, खासकर जंगल वाले इलाके में बाहर जाने की इजाज़त किसने दी? घटना वन क्षेत्र में घटी, जैसा मैंने सुना है। ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार और मणिपुर में इसी तरह के मामलों का हवाला देते हुए ममता ने जोर दिया कि बंगाल ऐसे अपराधों के प्रति ज़ीरो टालरेंस रखता है। हम यहां इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते हैं। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को सख्त सजा देंगे।
उन्होंने कहा कि मैंने पुलिस से सख्त कार्रवाई करने को कहा है। पुलिस अपना काम कर रही है। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बाकी की तलाशी की जा रही है। ममता ने बाहर से यहां आकर पढ़ने वाली छात्राओं से अनुरोध किया कि वे रात में बेवजह बाहर न निकलें। सुरक्षा सबसे पहले होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने साथ ही कहा कि किसी के रात में घूमने फिरने पर कोई प्रतिबंध नहीं है, यह केवल मेरी अपील है।
दूसरे राज्यों का दिया हवाला
ममता ने कहा कि निजी कॉलेजों का भी एक दायित्व है कि छात्रों का ध्यान रखें। घटना निंदनीय है लेकिन जो लोग हॉस्टल में रहते हैं, उनका एक सिस्टम होता है। निजी कॉलेजों को सुरक्षा के कदम उठाने चाहिए।
ममता ने आगे कहा कि दूसरे राज्यों में दुष्कर्म पीड़िता को कोर्ट ले जाने से पहले जलाने की कोशिश की जाती है, बंगाल में ऐसा नहीं होता है। ममता ने सवाल किया कि ओडिशा में पिछले दिनों जो एक दुष्कर्म की घटना घटी थी उसपर वहां की सरकार ने क्या कदम उठाया?
ममता ने कहा कि मैं ऐसी घटना को कभी सपोर्ट नहीं करती, पुलिस अपना काम कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।