तृणमूल सांसद सौगत राय की पत्नी का निधन, सीएम ममता ने लिखा शोक संदेश, कहा- पेशे में एक सफल महिला थीं डाली
West Bengal News टीएमसी सांसद सौगात राय की पत्नी डाली राय का शुक्रवार की सुबह कैंसर के कारण निधन हो गया। तृणमूल के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम ममता बनर्जी ने भी डाली राय के लिए शोक संदेश लिखा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल सांसद सौगत राय की पत्नी डाली राय का निधन हो गया है। वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं। उन्हें हाल ही में फेफड़े में संक्रमण के कारण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
चाय विशेषज्ञ थीं डाली राय
सौगत की पत्नी पेशेवर चाय विशेषज्ञ थीं। हालांकि, वह अपने पति की तरह राजनीति में सक्रिय नहीं दिखीं। उन्होंने हमेशा अपने पति की राजनीतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया है। दमदम तृणमूल सांसद पति सौगत के साथ वह लेक गार्डन स्थित आवास में रहती थीं।
सीएम ममता ने लिखा शोक संदेश
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने डाली राय के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अपने शोक संदेश में लिखा। उन्होंने लिखा कि हम सभी की डाली भाभी अपने पेशे में एक सफल महिला थीं। वह अपने गुणों के बल पर अपने पेशे के शीर्ष पर रहीं। साथ ही, उनका सामाजिक शिष्टाचार प्रसिद्ध था। उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है।
वयोवृद्ध माकपा नेता मदन घोष का निधन
माकपा के वरिष्ठ नेता मदन घोष का भी शुक्रवार की सुबह 7.10 बजे निधन हो गया। वृद्धावस्था के कारण वे लंबे समय से विभिन्न शारीरिक समस्याओं से पीड़ित थे। जिसके बाद 81 वर्ष की आयु में उन्होंने अपने घर में आखिरी सांसे ली। माकपा के जमाने में उन्होंने लंबे समय तक अविभाजित बर्दवान जिले में पार्टी सचिव के रूप में कार्य किया। पार्टी के पूर्व विधायक, बर्दवान जिले के पूर्व माकपा अध्यक्ष मदन भी माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य थे।
अपनी मेहनत से जीता जनता का दिल
पार्टी के वरिष्ठ नेता राबिन देव ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय मदन घोष उन लोगों में से एक हैं, जो लोगों का भरोसा जीतकर मेहनत और लगन से राज्य की सत्ता में आए। उनका निधन वामपंथी राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर को बर्दवान से कोलकाता के अलीमुद्दीन स्ट्रीट लाया गया।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
इनका पार्थिव शरीर शुक्रवार दोपहर तक पूर्व बर्दवान जिले के पार्टी कार्यालय में रखा गया। शाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पार्टी के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम, राबिन देब और अन्य ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।