विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ममता बनर्जी के 'दुर्गा आंगन' वाली 17 एकड़ जमीन पर बनेगा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर, सीएम शुभेंदु का एलान

Published: Sat, 07 Nov 2026 10:50 AM (IST)

कोलकाता के न्यू टाउन में 17 एकड़ जमीन पर अंबानी परिवार भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण करेगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसकी घोषणा की।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में 17 एकड़ जमीन पर अब भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण किया जाएगा। इस जमीन पर दिसंबर 2025 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गा आंगन का शिलान्यास किया था।

शुक्रवार को न्यू टाउन में काली पूजा पंडाल के उद्घाटन के दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जानकारी दी।मुख्यमंत्री ने बताया कि इस 17 एकड़ जमीन को अंबानी परिवार खरीदेगा और तिरुपति बालाजी मंदिर बनाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि यह मंदिर भविष्य में एक बड़ा धार्मिक केंद्र बनेगा।

भक्तों को मिले मुफ्त प्रसाद: सीएम

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसको लेकर अंबानी परिवार के साथ हुई बातचीत का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 21 सितंबर को मुंबई स्थित अंबानी निवास एंटीलिया में गणेश उत्सव में शामिल होने के दौरान उनकी मुलाकात रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके बेटे अनंत अंबानी से हुई थी।

अधिकारी ने कहा कि अंबानी परिवार इस 17 एकड़ जमीन को खरीदकर एक सुंदर तिरुपति बालाजी मंदिर बनाएगा। मैंने उनके सामने केवल एक शर्त रखी है कि जो भी श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए आए, उसे मुफ्त प्रसाद दिया जाए। वे इस शर्त पर तुरंत सहमत हो गए।

उचित दर पर दी जाएगी जमीन

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार इस जमीन को कमर्शियल दरों पर बेचने के बजाय एक उचित मूल्य पर अंबानी परिवार को उपलब्ध कराएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर निर्माण कराना किसी सरकार का मुख्य काम नहीं होता।

पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने यहां के सनातनी समाज को खुश करने के लिए मंदिर बनाने की बात कही थी।

पहले न्यू टाउन में ही एक अन्य स्थान तय किया गया था, लेकिन जमीन मालिकों के विरोध के बाद सरकार को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद दबाव में आकर वर्तमान 17 एकड़ वाले भूखंड पर दुर्गा आंगन की नींव रखी गई थी।

क्या थी पिछली दुर्गा आंगन परियोजना?

पिछली योजना के तहत दुर्गा आंगन का निर्माण हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (हिडको) द्वारा किया जाना था। इस परियोजना की देखरेख के लिए तत्कालीन मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक ट्रस्ट भी बनाया गया था।

तय योजना के मुताबिक, इस परिसर में चारों तरफ हरियाली, खुला क्षेत्र और मंदिर के इर्द-गिर्द 20 फीट चौड़ा परिक्रमा मार्ग बनाया जाना था। वहीं, मुख्य गर्भगृह की ऊंचाई 54 मीटर प्रस्तावित थी, जिसमें 108 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं और 64 शेरों की मूर्तियां स्थापित की जानी थीं। अब इस पूरी योजना की जगह पर भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- 'दोबारा SIR होने पर और कटेंगे 30 लाख नाम', शमिक ने ममता पर कसा तंज

यह भी पढ़ें- 'बंगाल ममता-मुक्त हुआ, अब दिल्ली को राहुल-मुक्त करने का समय', कोलकाता में रैली के दौरान बोले नितिन नवीन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।