विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बंगाल ममता-मुक्त हुआ, अब दिल्ली को राहुल-मुक्त करने का समय', कोलकाता में रैली के दौरान बोले नितिन नवीन

Published: Mon, 02 Nov 2026 07:19 PM (IST)

भाजपा ने कोलकाता में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली, जिसमें नितिन नवीन, शुभेंदु अधिकारी और शमिक भट्टाचार्य शामिल हुए।

कोलकाता में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा (स्क्रीनग्रैब)

कोलकाता में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा (स्क्रीनग्रैब)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल की जनता ने चार मई को ही अराजकता का अंत कर दिया था। ममता बनर्जी को सत्ता से हटाकर राज्य को भाजपा के रंग में रंग दिया। अब दिल्ली को भी राहुल गांधी से मुक्त करने का समय है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कोलकाता में आयोजित सभा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने जिस तरह चुनाव में अपना फैसला सुनाया है, उसी तरह देश की जनता भी विपक्ष को जवाब देगी।

इससे पहले नवीन के नेतृत्व में भाजपा ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' नारे के साथ कालेज स्ट्रीट से धर्मतल्ला तक पदयात्रा निकाली। इसमें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

धर्मतल्ला में पदयात्रा के समापन के बाद सभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि चार मई को कोलकाता और बंगाल की जनता ने अराजकता को समाप्त करने का फैसला सुना दिया था। ममता बनर्जी चुनाव हार गईं और बंगाल भाजपा का हो गया।

उन्होंने कहा कि आज कोलकाता की सड़कों पर उन्हें अराजकता का कोई संकेत नहीं दिखा। हालांकि, कुछ तत्व अभी भी सक्रिय हैं। नवीन ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की रैली का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां जुटे लोग चुनाव में मिली हार से निराश थे।

जिस तरह बंगाल की जनता ने उन्हें जवाब दिया है, उसी तरह देश की जनता भी जवाब देगी। उन्होंने बंगाल में ममता बनर्जी की हार को जनता के फैसले का उदाहरण बताते हुए दिल्ली को भी राहुल गांधी से मुक्त करने का आह्वान किया।

शुभेंदु ने एसआइआर को घुसपैठ से जोड़ा

सभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी एसआइआर का समर्थन करते हुए अवैध घुसपैठ का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण तस्करी और अवैध गतिविधियों को संरक्षण मिला। उन्होंने एसआइआर को घुसपैठियों की पहचान से जोड़ते हुए इसे देश की सुरक्षा के लिए जरूरी बताया।

इससे पहले कालेज स्ट्रीट से शुरू हुई पदयात्रा सेंट्रल कोलकाता के विभिन्न रास्तों से होते हुए धर्मतल्ला पहुंची। नितिन नवीन, शुभेंदु अधिकारी और शमिक भट्टाचार्य ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। इसमें राहुल सिन्हा, लाकेट चटर्जी, राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।

भाजपा ने इस अभियान को राज्य के विभिन्न जिलों तक ले जाने की योजना बनाई है। तीन नवंबर को हावड़ा और सिलीगुड़ी, चार नवंबर को कृष्णनगर तथा पांच नवंबर को दुर्गापुर में पदयात्राएं प्रस्तावित हैं। इसके बाद 11 नवंबर से अभियान का दूसरा चरण शुरू होगा, जिसके तहत राज्यभर में 800 स्थानों पर पदयात्राएं आयोजित करने की योजना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।