यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
West Bengal News: सुवेंदु ने भाजपा नेताओं पर चल रहे मामलों को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से मांगी मदद
भाजपा विधायक व बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य में पार्टी नेताओं पर चल रहे विभिन्न ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : भाजपा विधायक व बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य में पार्टी नेताओं पर चल रहे विभिन्न मामलों को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से मदद मांगी है। सोमवार रात दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने इस मुद्दे को उठाया।
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार के आधिकारिक निवास में हुई इस बैठक में बंगाल से पार्टी के सभी सांसद मौजूद थे। सुवेंदु को भी इस बैठक में आमंत्रित किया गया था। सुवेंदु ने नड्डा को बताया कि बंगाल में भाजपा नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। अदालतों में मुकदमे चलाए जा रहे हैं। केंद्रीय नेतृत्व इनसे निपटने में सहयोग करे।
इस पर नड्डा ने सुवेंदु को बताया कि केंद्रीय नेतृत्व इससे अवगत है और इस पर विचार कर रहा है। बैठक में बंगाल में अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव पर भी चर्चा हुई। बंगाल भाजपा अध्यक्ष व पार्टी सांसद सुकांत मजुमदार ने नड्डा को पंचायत चुनाव के बाबत की जा रहीं तैयारियों के बारे में बताया।
नड्डा ने पार्टी नेताओं से कहा कि पंचायत चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करना ही होगा, वरना उसके अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में बंगाल में भाजपा के लिए समस्या हो सकती है। बंगाल नेतृत्व को पार्टी विधायकों को साथ लेकर काम करना होगा और नियमित रूप से बैठकें भी करनी होंगी। करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में पार्टी सांसदों ने नड्डा के सामने अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को रखा।
