विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कोई डॉक्टर अपराधी है तो गिरफ्तार क्यों नहीं हो सकता', RG कर मामले में बोलीं पीड़िता की विधायक मां

Published: Fri, 04 Sep 2026 08:39 AM (IST)

आरजी कर दुष्कर्म-हत्या मामले में पीड़िता की मां और भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने सीबीआई की धीमी जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य में सरकार बदलने के बावजूद न्याय क्यों नहीं मिल रहा?

RG कर पीड़िता की मां ने CBI जांच पर उठाए सवाल (फाइल फोटो)

RG कर पीड़िता की मां ने CBI जांच पर उठाए सवाल (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। आरजी कर दुष्कर्म-हत्या मामले में पीड़िता की मां और पनिहाटी से भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की धीमी जांच प्रणाली और न्यायिक प्रक्रिया पर एक बार फिर गहरा असंतोष व्यक्त किया है।

बैरकपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार बदलने के दावों के बावजूद न्याय प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि यदि अपराध में कोई डॉक्टर शामिल है, तो उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा?

बुधवार को बैरकपुर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रत्ना देबनाथ ने कहा कि न्याय मिलने की दिशा में बेहद कम प्रगति हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वाकई राज्य की स्थिति में कोई वास्तविक बदलाव आया है।

मैं कभी राजनीति में नहीं आना चाहती थी- रत्ना देबनाथ

RG कर पीड़िता की मां और भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने सीबीआई जांच पर असंतोष व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि न्याय प्रक्रिया के कुछ पहलू बिल्कुल भी आगे नहीं बढ़ रहे हैं। सबने दावा किया था कि सरकार बदलते ही सब कुछ ठीक हो जाएगा।

सच तो यह है कि मैं कभी राजनीति में आना ही नहीं चाहती थी। मेरे पति का अपना व्यापार था और मेरी बेटी ने भी मुझसे राजनीति से दूर रहने का आग्रह किया था। उसने तो यहां तक कहा था कि मैं उसके पिता से अपना व्यवसाय बंद करने के लिए कहूं।

आगे बात रखते हुए रत्ना देबनाथ कहा, "अपनी बेटी की इस दुखद मृत्यु के बाद, हमारी राजनीति में आने की कोई इच्छा नहीं थी। लेकिन हमें बताया गया कि बंगाल के हालात बदतर हो चुके हैं और यहां की शिक्षा व स्वास्थ्य प्रणाली पूरी तरह चरमरा गई है। 9 अगस्त 2024 को आरजी कर अस्पताल में मेरी डॉक्टर बेटी की हत्या के बाद, इस बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की भयावह सच्चाई सबके सामने आ गई।"

यदि कोई डॉक्टर अपराधी है तो गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकती?

अदालत द्वारा मामले की सुनवाई के लिए नई विशेष जांच टीम (SIT) के गठन के बाद, देबनाथ ने सीबीआई (CBI) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा- "सीबीआई का तर्क है कि वे डॉक्टर हैं और उन्हें इस तरह गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। यहां तक कि अदालत ने भी यही बात दोहराई।

मेरी बेटी भी एक डॉक्टर ही थी। लेकिन यदि कोई डॉक्टर अपराधी है और मेरी बेटी की हत्या में शामिल है, तो उसकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकती?"

पूरे सिस्टम में बदलाव की आवश्यकता पर बल देते हुए देबनाथ ने मांग की कि जांच को अधिक प्रभावी बनाया जाए और इस अपराध में लिप्त हर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें- आरजी कर मामला: जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की साजिश का आरोपी सोमनाथ डे बेंगलुरु से गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- आरजी कर मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट सख्त, CBI को तीन सप्ताह में जांच पूरी करने का आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।