आरजी कर मामला: जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की साजिश का आरोपी सोमनाथ डे बेंगलुरु से गिरफ्तार
आरजी कर दुष्कर्म-हत्या मामले में पीड़िता के शव के जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की साजिश के फरार आरोपी पानीहाटी के पूर्व चेयरमैन सोमनाथ डे को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया है।

सोमनाथ डे बेंगलुरु से गिरफ्तार (सोशल मीडिया)
HighLights
आरजी कर मामले में सोमनाथ डे बेंगलुरु से गिरफ्तार, तीसरा आरोपित।
पीड़िता के शव के जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की साजिश का आरोप।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मामले की नई जांच शुरू की गई।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। आरजी कर दुष्कर्म-हत्या मामले में पीड़िता के शव का कथित तौर पर जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने की साजिश के मामले में फरार चल रहे पानीहाटी नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन सोमनाथ डे को बंगाल पुलिस ने गुरुवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, डे इस मामले में तीसरा सह-आरोपित है।
पुलिस ने जांच के दौरान पानीहाटी के पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष, पीड़िता के परिवार के पड़ोसी संजीव मुखर्जी और पूर्व नगरपालिका चेयरमैन सोमनाथ डे को कथित साजिश के तीन प्रमुख आरोपित के रूप में चिह्नित किया था।
इसके बाद तीनों फरार हो गए थे। निर्मल घोष को पिछले महीने ओडिशा से गिरफ्तार किया गया था, जबकि संजीव मुखर्जी को कोलकाता के चिनार पार्क स्थित एक मकान से पकड़ा गया। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
मामले में बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के खड़दह थाने में पीड़िता के पिता की नई शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि अगस्त 2024 में पीड़िता के शव का पानीहाटी के एक श्मशान घाट में जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराया गया, जिससे दोबारा पोस्टमार्टम की संभावना समाप्त हो जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हुई नई जांच
आरजी कर मामले की पीड़िता की दूसरी बरसी के मौके पर आठ अगस्त को आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शव के जल्दबाजी में अंतिम संस्कार से जुड़े मामले की नई जांच की घोषणा की थी। इसके बाद बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू की और प्राथमिकी दर्ज की गई।
गौरतलब है कि नौ अगस्त 2024 की सुबह कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के सेमिनार हाल से महिला चिकित्सक का शव बरामद हुआ था। जांच में उसके साथ दुष्कर्म और हत्या की बात सामने आई थी।