विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

West Bengal: पेट्रापोल-बेनापोल सीमा के जरिए अब 24 घंटे होगी आवाजाही

By Sachin Kumar MishraEdited By:
Published: Sun, 31 Oct 2021 06:05 PM (IST)

West Bengal पश्चिम बंगाल में कोलकाता के नजदीक उत्तर चौबीस परगना जिले में भारत और बांग्लादेश सरहद पर स्थित एशिया ...और पढ़ें

बंगाल में पेट्रापोल-बेनापोल सीमा के जरिए अब 24 घंटे होगी आवाजाही। फाइल फोटो
बंगाल में पेट्रापोल-बेनापोल सीमा के जरिए अब 24 घंटे होगी आवाजाही। फाइल फोटो

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल में राजधानी कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित एशिया के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पेट्रापोल अब जल्द ही सप्ताह के सातों दिन और चौबीसों घंटे खुले रहेंगे। नतीजतन, दोनों देशों के बीच पेट्रापोल- बेनापोल भूमि बंदरगाह के जरिए यात्री और माल सेवाओं की आवाजाही अब चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी। भारत सरकार ने 24 घंटे की इस सेवा को फिलहाल पेट्रापोल-बेनापोल भूमि बंदरगाह पर ही शुरू करने की पहल की है। गृह मंत्रालय की ओर से पत्र भेजकर इस दिशा-निर्देश को तत्काल क्रियान्वयन के लिए सीमा शुल्क व आव्रजन विभाग सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। नए नियम अगले तीन माह तक फिलहाल प्रायोगिक तौर पर लागू किए जाएंगे। यदि यह प्रयोग सफल होता है, तो इसे स्थायी रूप से चालू रखने का निर्णय लिया जा सकता है। यह फैसला सिर्फ पेट्रापोल-बेनापोल सीमा पर ही प्रभावी होगा।

इस सीमा से दोनों देशों में होता है 70 फीसद व्यापार

पेट्रापोल- बेनापोल एशिया के सबसे व्यस्त भूमि बंदरगाहों में से एक है। भारत-बांग्लादेश के बीच इसी सीमा के जरिए बड़े पैमाने पर व्यापार (आयात- निर्यात) होता है और दोनों देशों के बीच आवाजाही का यह मुख्य जरिया है। इस सीमा से दोनों देशों के बीच करीब 70 फीसद व्यापार होता है। फिलहाल, यह भूमि बंदरगाह माल परिवहन के लिए सुबह आठ से रात 10:30 बजे तक खुला रहता है। इसके अलावा वीजा लेकर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक खुली रहती है। इस समय अवधि के बाद किसी यात्री को सीमा पार करने की कितनी भी आवश्यकता क्यों न हो, उन्हें सीमा पर ही रात बिताना पड़ता था, क्योंकि समय सीमा के बाद आव्रजन कार्यालय बंद हो जाता था। वहीं, अब 24 घंटे यात्री सेवा शुरू होने से दोनों देशों के नागरिकों को इस परेशानी से मुक्ति मिल जाएगी। हाल में दिल्ली में गृह मंत्रालय के तहत सीमा प्रबंधन समिति की एक बैठक हुई। उसी बैठक में इस भूमि बंदरगाह को चौबीसों घंटे खोलने का निर्णय लिया गया।