अब त्रिपुरा सरकार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कोलकाता फ्लाईओवर की तस्वीर ट्वीट करने से उभरा विवाद
अब त्रिपुरा सरकार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कोलकाता के एक फ्लाईओवर की तस्वीर ट्वीट किए जाने से विवाद उभरा है। इसे लेकर टीएमसी ने शनिवार को त्रिपुरा की बिप्लव कुमार देब सरकार पर करारा प्रहार किया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : अब त्रिपुरा सरकार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कोलकाता के एक फ्लाईओवर की तस्वीर ट्वीट किए जाने से विवाद उभरा है। इसे लेकर टीएमसी ने शनिवार को त्रिपुरा की बिप्लव कुमार देब सरकार पर करारा प्रहार किया है। टीएमसी ने दावा किया कि राज्य सरकार दूसरे राज्यों के विकास कार्यों का ‘श्रेय’ले रही है। हालांकि बाद में त्रिपुरा सरकार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किए गए पोस्टर को हटा दिया गया।
मोटर वाहन ड्राइविंग नियमन पर नारा लिखने की प्रतियोगिता में कोलकाता के सियालदह फ्लाईओवर को एक पोस्टर पर स्थान देने के बाद विवाद उभरा। तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने शनिवार को कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों के पास विकास के नाम पर दिखाने के लिए कुछ नहीं है इसलिए ममता बनर्जी के विकास की तस्वीरों को चोरी कर अपना बता रहे हैं।
दूसरी ओर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा है कि विज्ञापन बनाने और उसे जारी करने का काम निजी एजेंसियों को दिया जाता है। ऐसी एजेंसियों को सतर्क रहने की जरूरत है कि वे कौन सी तस्वीरें इस्तेमाल करती हैं। इसके लिए किसी और को दोषी ठहराना ठीक नहीं। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। अगर सरकारी विज्ञापन में गलती हुई है तो उसे सुधारा भी जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि इसके पहले उत्तर प्रदेश की सरकार ने भी कोलकाता के मां फ्लाईओवर को अपना बताकर विकास के दावे किए थे। इसके अलावा केंद्रीय विमानन मंत्रालय ने भी बंगाल के दुर्गापुर के अंडाल एयरपोर्ट की तस्वीर को उत्तराखंड एयरपोर्ट का बताकर अपने ट्विटर हैंडल से प्रचारित किया था जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।