लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता होंगे पूर्वी सेना कमान के नए प्रमुख, मनोज पांडे की जगह लेंगे
वह इससे पहले कोलकाता में पूर्वी सेना कमान मुख्यालय फोर्ट विलियम में चीफ आफ स्टाफ (सीओएस) के पद पर सेवा दे चुके हैं। अब पूरे पूर्वी कमान की जिम्मेदारी ...और पढ़ें

राजीव कुमार झा, कोलकाता : लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता पूर्वी सेना कमान के नए प्रमुख (जनरल आफिसर कमांडिंग इन चीफ) होंगे। केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दें। वह लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे का स्थान लेंगे जो थलसेना के नए उप प्रमुख के रूप में थलसेना मुख्यालय, दिल्ली जा रहे हैं।
एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल कलिता 31 जनवरी 2022 को पूर्वी सेना कमान के नए प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
गौरतलब है कि सेना का महत्वपूर्ण पूर्वी कमान पूर्वोत्तर राज्यों सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश क्षेत्रों में चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की रक्षा के लिए तैनात है, जिसका मुख्यालय कोलकाता में ही है।
बताते चलें कि केंद्र सरकार ने हाल में पूर्वी सेना कमान के मौजूदा कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को अगले उप सेनाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया है। वह लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती के उत्तराधिकारी होंगे जो 31 जनवरी को रिटायर होने वाले हैं।
एक तरफ जहां मनोज पांडे 31 जनवरी को नए उप सेना प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे तो दूसरी तरफ लेफ्टिनेंट जनरल कलिता उनकी जगह पूर्वी कमान के प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल पांडे ने एक जून 2021 को पूर्वी सेना कमान के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान का स्थान लिया था जो सेना में महत्वपूर्ण पदों पर 40 वर्षों की सेवा के बाद 31 मई 2021 को सेवानिवृत्त हो गए थे।
इधर, पूर्वी कमान के नए प्रमुख नियुक्त किए गए लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता की बात करें तो वह इससे पहले कोलकाता में पूर्वी सेना कमान मुख्यालय फोर्ट विलियम में चीफ आफ स्टाफ (सीओएस) के पद पर सेवा दे चुके हैं। अब पूरे पूर्वी कमान की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। लेफ्टिनेंट जनरल कलिता सेना में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं और उनके पास लंबा अनुभव है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।