Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Lata Mangeshkar Death: लता मंगेशकर के निधन पर बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी, राज्‍यपाल व टाॅलीवुड ने जताया गहरा दुख

    Lata Mangeshkar Latest News बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्‍यपाल जगदीप धनखड़ व टाॅलीवुड ने महान गायिका भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। कुमार शानू बाबुल सुप्रियो लोपामुद्रा उस्ताद राशिद खान हेमंती शुक्‍ला व पंडित अजय चक्रवर्ती ने लताजी को ऐसे किया याद।

    By Sumita JaiswalEdited By: Updated: Sun, 06 Feb 2022 05:43 PM (IST)
    Hero Image
    Lata Mangeshkar Death Latest News: स्‍वर कोकिला लता मंगेशकर की तस्‍वीर।

    कोलकाता, राज्य ब्यूरो। Lata Mangeskar Latest News: बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने  महान गायिका भारत रत्न लता मंगेशकर के आज  रविवार (6 फरवरी) की सुबह निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्‍होंने कहा कि वह अपने दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकतीं। ममता ने लता दीदी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह वास्तव में भारत की स्वर कोकिला थीं। लता मंगेशकर का रविवार सुबह मुंबई स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, मैं भारत रत्न लता मंगेशकर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। उनके परिवार और दुनिया भर में उनके करोड़ों प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं इस महान प्रतिभा के निधन पर बेहद मर्माहत हूं। वे वास्तव में भारत की स्वर कोकिला थीं। ममता ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि दुनियाभर में उनके सभी प्रशंसकों और अनुयायियों की तरह, मैं भी उनकी आवाज और प्रस्तुतीकरण से मंत्रमुग्ध हो गई, और आभारी हूं कि उन्होंने बंगाल और यहां के पूर्व के कलाकारों को अपने दिल से इतना प्रिय और संगीत की अपनी शानदार दुनिया के लिए इतना अभिन्न माना।

    राज्‍यपाल ने जताया शोक

    बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने स्‍वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर गहरा दुख जताया है और संगीत की दुनिया के लिए इसे बड़ी क्षति बताया है। दूसरी ओर, राज्य के विभिन्न दलों के राजनेताओं, कला जगत एवं टालीवुड के कलाकारों, खेल जगत के हस्तियों आदि ने भी लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

    मां सरस्वती जैसी थीं लता दीदी

    बंगाल के संगीत जगत ने सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक जताया है। मशहूर गायक कुमार शानू ने कहा-'लता दीदी के निधन की खबर से बेहद दुखी हूं। कहने के लिए शब्द नहीं हैं। वे गायक-गायिकाओं के लिए मां सरस्वती जैसी थीं। संगीत जगत के लिए एक आशीर्वाद थीं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। गायिका लोपामुद्रा मित्रा ने कहा-'यह अपूरणीय क्षति है। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा कि लता जी नहीं रहीं। हमने उन्हें सरस्वती पूजा के बाद वाले दिन खो दिया। वे हमारे लिए देवी सरस्वती की तरह थीं। उनकी सुरीली आवाज और गाने हमेशा हमारे साथ रहेंगे।

    गायिका हेमंती शुक्ला ने कहा-'लता जी अपने साथ एक थर्मस रखती थीं, जिसमें गरम पानी में शहद मिला होता था।

    शास्त्रीय गायक उस्ताद राशिद खान ने कहा-'यह बहुत बड़ी क्षति है। इतनी बड़ी गायिका होने के बावजूद लता जी मुझे खान सर कहा करती थीं।

    गायक व राजनीतिज्ञ बाबुल सुप्रियो ने कहा-'लता जी मुझे बिना किसी संगीत वाद्य यंत्र के किशोर कुमार के गाने गाते देखना चाहती थीं। अजब मैंने गाया तो वे काफी खुश हुई थीं। शास्त्रीय गायक पंडित अजय चक्रवर्ती ने कहा-'मुझसे उम्र में काफी बड़ी होने के बावजूद वे मुझे दादा (बड़ा भाई) कहकर संबोधित करती थीं। उन्होंने एक बार मुझसे कहा था कि मैं एक मामूली कलाकार हूं। यह उनका बड़प्पन था।

    गायक मोनोमय भट्टाचार्य ने कहा-'मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। उनके गाने हमेशा हमारे साथ रहेंगे। गौरतलब है कि लता मंगेशकर ने बांग्ला में भी करीब 180 गाने गाए हैं।