कोलकाता में होगा अंतरराष्ट्रीय खेल फिल्मोत्सव का आयोजन, दिखाई जाएंगी 14 देशों की फिल्में
International Sports Film Festival सोशल स्पोर्ट्स फाउंडेशन फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसायटीज ऑफ इंडिया व स्ट्रेट ड्राइव द्वारा कोलकाता में तीसरे अंतरराष्ट्रीय खेल फिल्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ये आयोजन 10 फरवरी से शुरू होगा। इसमें भारत के अलावा संयुक्त राज्य अमेरिका जर्मनी श्रीलंका ऑस्ट्रेलिया जापान ग्रीस स्पेन रूस ईरान इटली सर्बिया कजाकिस्तान व न्यूजीलैंड की कुल 25 फिल्में दिखाई जाएंगी।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। कोलकाता में तीसरा अंतरराष्ट्रीय खेल फिल्मोत्सव 10 फरवरी से शुरू होगा, जिसके तहत भारत समेत 14 देशों की खेलों पर केंद्रित 25 लाजवाब फिल्में दिखाई जाएंगी।
इस खेल फिल्मोत्सव का आयोजन सोशल स्पोर्ट्स फाउंडेशन, फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसायटीज ऑफ इंडिया व स्ट्रेट ड्राइव द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता है। सोशल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष रोंगोन मजूमदार ने बताया-'पूरी दुनिया में इस समय खेलों पर केंद्रित फिल्मों को लेकर मात्र 12 फिल्मोत्सव आयोजित होते हैं, जिनमें से यह एक है।
कई देशों की फिल्म दिखाई जाएगी
- 16 फरवरी तक चलने वाले इस फिल्मोत्सव में भारत, संयुक्त राज्य अमेरिका, जर्मनी, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, जापान, ग्रीस, स्पेन, रूस, ईरान, इटली, सर्बिया, कजाकिस्तान व न्यूजीलैंड की कुल 25 फिल्में दिखाई जाएंगी।
- भारतीय फिल्मों में अजय देवगन अभिनीत मैदान व सेकेंड इनिंग्स शामिल हैं। बांग्ला की भी कुछ फिल्में दिखाई जाएंगी। खेल फिल्मोत्सव का उद्घाटन 10 फरवरी को रोटरी सदन में होगा और 11 से नंदन-3 प्रेक्षागृह में फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी।
- फिल्मोत्सव के अंतिम दिन भारतीय खेलों में अंतराष्ट्रीय प्रीमियर लीगों का महत्व विषय पर वार्ता सत्र का भी आयोजन किया जाएगा।
अन्य शहरों में भी होगा आयोजन
प्रथम वर्ष रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म 83 पर वार्ता सत्र का आयोजन किया गया था, जिसमें अशोक मल्होत्रा, अरुण लाल समेत कई पूर्व क्रिकेटरों ने भाग लिया था। इसके बाद सिलीगुड़ी, दिल्ली, लखनऊ व पोर्ट ब्लेयर में भी इसका आयोजन किया जाएगा।
मजूमदार ने आगे कहा- कोलकाता, गोवा समेत देश के विभिन्न शहरों में कई फिल्मोत्सवों का आयोजन होता है लेकिन खेलों पर केंद्रित फिल्मों पर एक भी नहीं था इसलिए हमने इसकी शुरुआत की। खेल पर केंद्रित पहली फिल्म धन्यी मेये 1971 में बंगाल में ही बनी थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।