Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'बाप बाद में हूं, पहले देश का नागरिक हूं'; कोलकाता गैंगरेप आरोपी के पिता बोले- बेटे ने कुछ गलत किया है तो...

    कोलकाता में छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी के पिता ने कहा कि दोषी पाए जाने पर उनके बेटे को कड़ी सजा दी जाए। भाजपा ने घटना की जांच के लिए 4 सदस्यीय समिति बनाई है। संबित पात्रा ने इस घटना पर ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा और उनके इस्तीफे की मांग की।

    By Digital Desk Edited By: Swaraj Srivastava Updated: Sat, 28 Jun 2025 08:00 PM (IST)
    Hero Image
    मेडिकल रिपोर्ट में पीड़िता के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है (फोटो: पीटीआई)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोलकाता में छात्रा के साथ गैंगरेप के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं अब एक आरोपी के पिता ने बड़ा बयान दे दिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए आरोपी के पिता ने कहा कि उनके बेटे को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आरोपी के पिता ने कहा, 'मैं भारत का नागरिक पहले हूं, पिता बाद में हूं। पुलिस अपना काम कर रही है और मुझे न्याय प्रणाली पर पूरा भरोसा है। अगर वह दोषी पाया जाता है, तो उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। कोलकाता पुलिस में मेरी पूरी आस्था है।' बता दें कि मेडिकल रिपोर्ट में पीड़िता के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। वहीं मामले में कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड को भी अरेस्ट किया गया है।

    भाजपा ने बनाई 4 सदस्यों की समिति

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने घटना की शनिवार को कड़ी निंदा करते इसकी जांच के लिए एक चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। भाजपा की ओर से एक बयान में बताया गया कि जांच समिति शीघ्र ही घटना स्थल का दौरा करेगी और अपनी रिपोर्ट भाजपा अध्यक्ष को सौंपेगी।

    समिति के सदस्यों में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त सतपाल सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद बिपलब कुमार देब तथा राज्यसभा सदस्य मनन मिश्रा हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना की कठोर भत्र्सना करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की है।

    संबित पात्रा ने साधा सरकार पर निशाना

    • उधर, इस जघन्य घटना को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व सांसद संबित पात्रा ने कहा कि जिस प्रदेश में महिला मुख्यमंत्री हों, वहां इस तरह की घटनाएं होना कहीं न कहीं उनकी विफलता का प्रमाण है। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा सांसद ने कहा कि हम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से स्पष्टीकरण नहीं मांग रहे हैं। हम उनसे माफी मांगने और इस्तीफा देने के लिए कह रहे हैं। वह जल्द से जल्द इस्तीफा सौंपें।
    • उन्होंने कहा कि जिस राज्य में महिला मुख्यमंत्री हों, वहां महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता होनी चाहिए। इतनी असंवेदनशीलता और क्रूरता क्यों है? पीडि़ता ने खुद बयान जारी किया है। अगर इसे ध्यान से पढ़ें तो एक बात साफ हो जाती है कि सामूहिक दुष्कर्म का यह पूरा दुष्चक्र कहीं न कहीं राज्य प्रायोजित है। जिसका मुख्य आरोपित तृणमूल का छात्र नेता मनोजीत मिश्रा है। भाजपा सांसद ने कहा कि मनोजीत मिश्रा खुद तृणमूल कांग्रेस की छात्र शाखा का सचिव रह चुका है। वह तृणमूल कांग्रेस का सदस्य है।
    • पात्रा ने कहा कि ममता बनर्जी दुष्कर्म के इन सभी क्रूर मामलों को बहुत हल्के में लेती हैं। उन्होंने इस घटना पर तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी के बयान का उल्लेख करते हुए इसकी निंदा की। पात्रा ने कहा कि तृणमूल सांसद कहते हैं कि अगर दोस्त ही दोस्त का दुष्कर्म करे तो हम क्या कर सकते हैं?

    यह भी पढ़ें: कोलकाता में गैंगरेप के बाद बवाल, ममता सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरी BJP; हिरासत में केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार