कोयल मल्लिक ने बंगाल से बीजेपी राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में दाखिल किया नामांकन, TMC से रह चुकीं हैं सांसद
बांग्ला फिल्म अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने पश्चिम बंगाल में भाजपा उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।
HighLights
कोयल मल्लिक ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा नामांकन दाखिल किया
पश्चिम बंगाल में रिक्त सीट पर उपचुनाव के लिए भरा पर्चा
नामांकन से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुईं पूर्व टीएमसी सांसद
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बांग्ला फिल्म अभिनेत्री कोयल मल्लिक (रुक्मिणी मल्लिक) ने बंगाल में राज्यसभा की रिक्त एक सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को भाजपा उम्मीदवार के रूप में विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
विधानसभा के प्रधान सचिव के पास मल्लिक के नामांकन दाखिल करते समय बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य मौजूद थे।

पश्चिम बंगाल में उपचुनाव के लिए भरा पर्च
भाजपा ने एक दिन पहले रविवार को मल्लिक को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। तृणमूल कांग्रेस की पूर्व राज्यसभा सदस्य कोयल मल्लिक के इस्तीफे के चलते ही उपचुनाव हो रहा है।
भाजपा की ओर से मल्लिक को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के एक दिन बाद नामांकन दाखिल करने से ठीक पहले वह यहां पार्टी में शामिल हुईं।

कोलकाता के साल्टलेक स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में कोयल मल्लिक ने पार्टी की प्रदेश महासचिव शशि अग्निहोत्री की उपस्थिति में सुबह भाजपा का झंडा थामा।
इस अवसर पर संवाददाताओं से बातचीत में मल्लिक ने कहा कि संसद के उच्च सदन की सदस्य बनना और लोगों के कल्याण के लिए काम करने का अवसर मिलना मेरे लिए सम्मान की बात होगी।

अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी हैं कोयल
दिग्गज बांग्ला फिल्म अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी कोयल मल्लिक इससे पहले तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं।
उन्होंने छह अप्रैल से 16 जुलाई तक थोड़े समय के लिए राज्यसभा सदस्य के रूप में काम किया था। विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बंगाल की कुल 12 राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होने है। बंगाल विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है। ऐसे में कोयल मल्लिक की जीत तय मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं कोयल मल्लिक? जिन्हें बीजेपी ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार
यह भी पढ़ें- बीजेपी ने राज्यसभा उम्मीदवारों का किया एलान, उत्तराखंड से दिनेश आर्य तो बंगाल से कोयल मल्लिक मैदान में
