विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन हैं कोयल मल्लिक? जिन्हें बीजेपी ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

Published: Sun, 04 Oct 2026 04:05 PM (IST)

भाजपा ने बंगाल में राज्यसभा उपचुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल हुईं अभिनेत्री रुक्मिणी मल्लिक उर्फ कोयल मल्लिक को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं कोयल मल्लिक राज्यसभा उम्मीदवार

तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं कोयल मल्लिक राज्यसभा उम्मीदवार

HighLights

  1. भाजपा ने बंगाल राज्यसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया

  2. तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं कोयल मल्लिक उम्मीदवार

  3. कोयल मल्लिक पहले तृणमूल से राज्यसभा सदस्य थीं

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भाजपा ने बंगाल और उत्तराखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की रविवार को घोषणा कर दी। भाजपा ने बंगाल में राज्यसभा की खाली हुई एक सीट पर उपचुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल हुईं बांग्ला फिल्मों की अभिनेत्री रुक्मिणी मल्लिक उर्फ कोयल मल्लिक को प्रत्याशी बनाया है।

कौन हैं कोयल मल्लिक?

कोयल मल्लिक इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर इसी साल राज्यसभा सदस्य बनी थीं, लेकिन कुछ ही महीनों बाद उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

अब भाजपा ने उन्हें उसी रिक्त सीट के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है।कोयल मल्लिक ने अप्रैल में तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।

विधानसभा चुनाव के बाद मई में राज्य में हुए सत्ता परिवर्तन और तृणमूल के 15 वर्षों की सत्ता गंवाने के बाद पार्टी में मची भगदड़ के बीच कोयल मल्लिक ने जुलाई में मानसून सत्र शुरू होने से पहले राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

भाजपा में शामिल हुईं थी कोयल 

तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सदस्य रहने के दौरान उन्होंने सदन की कार्यवाही में एक दिन भी हिस्सा नहीं लिया था।राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद कोयल मल्लिक भाजपा में शामिल हो गई थीं। अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बनाकर उनके राजनीतिक सफर को नया मोड़ दिया है।

भाजपा के इस फैसले को बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के खेमे से आए नेताओं को महत्व देने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।

राज्यसभा की 12 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 सीटें हैं, जबकि बंगाल और उत्तराखंड की एक-एक सीट शामिल है।

यह भी पढ़ें- बीजेपी ने राज्यसभा उम्मीदवारों का किया एलान, उत्तराखंड से दिनेश आर्य तो बंगाल से कोयल मल्लिक मैदान में