भारत ने पिछले महीने रूस को 13.36 करोड़ डालर की इंजीनियरिंग वस्तुओं का किया निर्यात, 11 गुना की बढ़ोतरी
अप्रैल में अमेरिका को 1.4 अरब डालर की इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात किया गया। अप्रैल 2022 के 1.86 अरब डालर के निर्यात के मुकाबले इसमें 24.9 प्रतिशत की कमी रही है। इसी प्रकार चीन को इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात अप्रैल 2023 में 15.5 प्रतिशत घटकर 18.3 करोड़ डालर रहा है।

कोलकाता, पीटीआई। रूस को इंजीनियरिंग वस्तुओं के निर्यात में एक वर्ष पहले की तुलना में अप्रैल में 11 गुना की बढ़ोतरी हुई है। बीते माह भारत ने रूस को 13.36 करोड़ डालर की इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात किया है। इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (ईईपीसी) ने यह जानकारी दी है। ईईपीसी का कहना है कि अमेरिका और चीन के बाजारों में इंजीनियरिंग वस्तुओं के निर्यात में लगातार नरमी बनी हुई है।
इंजीनियरिंग निर्यात 8.99 अरब डालर रहा
ईईपीसी के डाटा के अनुसार, अप्रैल में अमेरिका को 1.4 अरब डालर की इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात किया गया। अप्रैल 2022 के 1.86 अरब डालर के निर्यात के मुकाबले इसमें 24.9 प्रतिशत की कमी रही है।
इसी प्रकार चीन को इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात अप्रैल 2023 में 15.5 प्रतिशत घटकर 18.3 करोड़ डालर रहा है। मार्च 2023 में चीन को 21.66 करोड़ डालर की इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात किया गया था।
हालांकि, पिछले महीने ओमान को होने वाला निर्यात पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुना बढ़कर 15.39 करोड़ डालर रहा है। भारत की इंजीनियरिंग वस्तुओं के लिए शीर्ष 25 देशों में से 15 को निर्यात में वार्षिक आधार पर वृद्धि रही है, जबकि 10 देशों के लिए निर्यात घटा है। भारत के कुल इंजीनियरिंग निर्यात में अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन, फ्रांस, इंडोनेशिया और सिंगापुर की 76 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
वित्त वर्ष 2023-24 के पहले महीने यानी अप्रैल में देश का कुल इंजीनियरिंग निर्यात 7.15 प्रतिशत घटकर 8.99 अरब डालर रहा है। अप्रैल 2022 में भारत ने कुल 9.68 अरब डालर की इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात किया था। उत्तरी अमेरिका, यूरोपियन यूनियन और आशियान देशों को इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात घटा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।